निर्भय कुमार पांडेय
राजधानी में पिछले कुछ दिनों से पारा चढ़ने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियों तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शक्ति प्रदर्शन करने के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से रविवार को रामलीला मैदान में केंद्र की भाजपा सरकार के अध्यादेश के खिलाफ महारैली का आयोजन किया गया था, जिसमें दिल्ली के कोने-कोने से बड़ी संख्या में सभी वर्ग के लोग शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जिसे देख कर ‘आप’ गदगद हो गई।
लेकिन, जैसे-जैसे गर्मी ने अपना सितम दिखाना शुरू किया, तब केजरीवाल का भाषण पूरा होने से पहले ही दिल्ली की जनता रामलीला मैदान से अपने घरों की ओर लौटने लगी थी। यह वही रामलीला मैदान है जहां से साल 2012 में अरविंद केजरीवाल ने अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है, पारा 40 के पार रहा, लेकिन केजरीवाल की महारैली में लोगों का अपार जनसमर्थन देखने को मिला।
महारैली में शामिल हुई दिल्ली की जनता ने कहा कि हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हाथों में रहे। इस वजह से वह मुख्यमंत्री के समर्थन में रामलीला मैदान पहुंचे हैं। पर लोगों ने यह भी माना कि गर्मी अधिक है। इस कारण दिक्कतें हो रही है। यदि गर्मी अधिक नहीं होती तो पूरा भाषण सुनकर ही जाते। वहीं, कुछ लोगों ने दबे जुबान माना कि पार्टी की ओर से जो इंतजाम किए गए हैं। वह नाकाफी हैं। गर्मी को देखते हुए बेहतर इंतजाम करना चाहिए था।
रैली से अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास : भाजप
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे रामलीला मैदान में रैली आयोजित करके अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी और रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी अब एक ‘खास आदमी पार्टी’ बन गई है।
तिवारी ने कहा कि मुझे याद है कि ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन के दौरान रामलीला मैदान में अन्ना हजारे के साथ केजरीवाल ने मंच साझा करते हुए खुद के भ्रष्टाचार के खिलाफ होने का दावा किया था। लेकिन उन्हें फिर से रामलीला मैदान में चीखते हुए सुना गया, लेकिन इस बार यह भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए था। पूर्वोत्तर दिल्ली के सांसद ने केजरीवाल पर ‘राजनीतिक पर्यटक’ होने का भी आरोप लगाया जो देश के विभिन्न शहरों का दौरा करते हैं, जबकि दिल्ली में गंदे पानी की आपूर्ति और यमुना नदी में प्रदूषण जैसी समस्याओं पर आंखें मूंद लेते हैं।
सचदेवा ने कहा कि आप अब आम आदमी के लिए काम नहीं कर रही है और अब इसका एकमात्र उद्देश्य दिल्ली के लोगों को ‘लूटना’ है। भाजपा ने रामलीला मैदान के बाहर विभिन्न अहम बिंदुओं पर पोस्टर और होर्डिंग लगाए थे, जहां केंद्र द्वारा हालिया अध्यादेश के खिलाफ ‘आप’ की रैली आयोजित की गई थी।