दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्ड में हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सात, आम आदमी पार्टी ने तीन, जबकि कांग्रेस और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने भी एक-एक वार्ड पर जीत दर्ज की। वहीं, चुनाव परिणाम आने के बाद आप ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा है। आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर वोट चोरी के आरोप लगाए हैं।
पार्टी का आरोप है कि अशोक विहार सीट पर उसके उम्मीदवार की जीत हो गई थी और दोबारा काउंटिंग में भाजपा को विजेता घोषित कर दिया गया। आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस पर भड़कते हुए देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘मुख्य चोर आयुक्त’ कहा है।
संजय सिंह ने आप नेता सौरभ भारद्वाज के ट्वीट को शेयर करते हुए लिखा, “BJP वोट चोर है मोदी उनका सरगना है। ज्ञानेश कुमार ‘मुख्य चोर आयुक्त’।” वहीं, सौरभ भारद्वाज ने अशोक विहार सीट पर आप की हार के बाद गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, “अशोक विहार सीट – आम आदमी पार्टी जीती , ये वेबसाइट पर रिजल्ट है, अब कह रहे हैं रिकाउंटिंग में भाजपा जीत गई। ऐसे कैसे हो सकता है?” इससे पहले भी संजय सिंह मुख्य चुनाव आयुक्त पर कई बार हमलावर रहे हैं और उन्हें अज्ञानेश कुमार भी कह चुके हैं।
एमसीडी चुनाव 2025 के परिणाम
एमसीडी चुनावों की बात करें तो भाजपा उम्मीदवार सुमन कुमार गुप्ता ने चांदनी चौक वार्ड से ‘आप’ के प्रत्याशी हर्ष शर्मा को 1,182 मतों के अंतर से हराया। भाजपा ने शालीमार बाग बी वार्ड में भी जीत दर्ज की है जहां अनीता जैन ने 10,000 से अधिक मतों के अंतर से ‘आप’ प्रत्याशी बबीता राणा को हराया है। शालीमार बाग बी वार्ड भाजपा पार्षद रेखा गुप्ता के फरवरी में विधानसभा चुनाव जीतने और दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुआ था।
आप ने मुंडका और दक्षिणपुरी वार्ड जीते जबकि कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने भाजपा के सुभाजीत गौतम को हराकर संगम विहार ए वार्ड पर जीत हासिल की। चौधरी को 12,766 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 9,138 वोट हासिल हुए। अशोक विहार वार्ड में भाजपा की वीना असीजा और आप की सीमा गोयल के बीच कड़ी टक्कर थी लेकिन असीजा ने 405 मतों के अंतर से जीत हासिल कर ली। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार मोहम्मद इमरान ने आम आदमी पार्टी के मुदस्सर उस्मान को 4,692 मतों के अंतर से हराकर चांदनी महल सीट जीत ली।
भाजपा ने दिचाऊं कलां और ग्रेटर कैलाश वार्ड के अलावा द्वारका-बी वार्ड भी जीत लिया जहां से पहले कमलजीत सहरावत पार्षद थीं। सहरावत अब भाजपा सांसद हैं। भाजपा की मनीषा रानी ने आप की राज बाला को 9,100 मतों के अंतर से हराकर द्वारका-बी वार्ड पर जीत हासिल की। नारायणा सीट पर आम आदमी पार्टी के राजन अरोड़ा ने भाजपा के चंद्रकांत शिवानी को महज 148 वोटों से हराया। उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को जिन 12 वार्ड में मतदान हुआ था, उनमें से नौ पर पहले भाजपा और बाकी पर आप पर कब्जा था।
