नई दिल्ली। मीडिया में आई इन खबरों के बीच, कि शायद आम आदमी पार्टी (आप) अपने छह पूर्व विधायकोंं को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं देगी, दिल्ली भाजपा ने आज कहा कि यह इस बात का संकेत है कि आप ने पहले ही हार मान ली है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने यमुना पार के दो जिलों उत्तर-पूर्व दिल्ली और नवीन शाहदरा के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘राजनीतिक जीवन में, हम इतना बड़ा परिवर्तन हार मान लेने के संकेत के रू प देखते हैं।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने अपने जिले से पार्टी को पूरी पांचों सीटें दिलाने का आह्वान किया।

प्रदेश भाजपा संगठन महासचिव विजय शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान के लिए घर-घर जाने का निर्देश दिया जबकि सांसद मनोज तिवारी ने पार्टी नेतृत्व को आश्वासन दिया कि पूर्वोत्तर जिले के कार्यकर्ता उनके संसदीय क्षेत्र की सभी दस सीटें जिताने में अहम भूमिका निभाएंगे। सूत्रों के अनुसार आप ने विधानसभा अध्यक्ष मनिंदर सिंह धीर, राजू धीमान, धमेंद्र सिंह कोहली, हरीश खन्ना और राजेश गर्ग समेत छह पूर्व विधायकों को टिकट नहीं देने का निर्णय लिया है।

इस बीच भाजपा विधानसभा चुनाव से पहले युवकों को अपने साथ जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में अपनी वेबसाइट शुरू करने वाली है। पार्टी ने चार-पांच महीने पहले किसी कारण से अपनी वेबसाइट बंद कर दी थी। अब विधानसभा चुनाव के चलते पार्टी नई वेबसाइट लाना चाहती है जिसके माध्यम से उसका लक्ष्य दिल्लीवासियों खासकर युवकों से जुड़ने का है। वह इसके माध्मम से अपनी विचारधारा और चुनावी वादे उन तक पहुंचाएगी। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने बताया कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष दो-तीन दिन में पार्टी की वेबसाइट शुरू कर सकते हैं। उसमें चैट का विकल्प भी होगा जिसके माध्यम से युवक प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं से संवाद कर सकते हैंं।

सूत्रों ने बताया कि आप अपना संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए अपनी वेबसाइट का बड़ी सक्रियता से इस्तेमाल कर रही है, इसलिए भाजपा भी मजबूत संवाद उपकरण के रूप में अपनी वेबसाइट का इस्तेमाल करना चाहती है। वरिष्ठ नेता ने बताया कि पार्टी की नई वेबसाइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें होंगी और मोदी लहर के संदेश होंगे ताकि मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके।