Former PM Manmohan Singh: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। शनिवार को राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अब इस बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार से एक बड़ी अपील की है। जोर देकर बोला गया है कि मनमोहन सिंह का जो समाधि स्थल होगा, वो अलग जगह पर बनना चाहिए। पार्टी चाहती है कि यमुना नदी के पास में ही उसका निर्माण करवाया जाए जहां पर कई दूसरे पूर्व प्रधानमंत्रियों के भी मेमोरिएल हैं।

खड़गे ने पीएम मोदी से क्या बात की?

बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी के सामने यह इच्छा व्यक्त कर दी है। इसके ऊपर प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और दूसरे नेताओं ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी इसे लेकर चर्चा की है। वैसे कांग्रेस चाहती जरूर है कि मनमोहन सिंह के लिए अलग जगह पर समाधि स्थल बने, लेकिन साल 2013 में यूपीए की सरकार ने ही फैसला किया था कि राजघाट के राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर ही सभी की समाधि होगी। ऐसे में अब केंद्र सरकार कांग्रेस की मांग पर कैसे प्रतिक्रिया देती है, इसका इंतजार करना होगा।

नरसिम्हा राव के साथ क्या हुआ था?

वैसे कांग्रेस की यह डिमांड भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय है क्योंकि गांधी परिवार पर ऐसे आरोप लगे हैं कि जो भी नेता उनके परिवार से बाहर का होता है, उन्हें उतना सम्मान नहीं मिल पाता। पूर्व पीएम नरसिम्हा राव के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था, 24 अकबर रोड पर AICC के हेडक्वार्टर में उनके शव को रखने तक नहीं दिया गया था। साल 2015 में मोदी सरकार ने उनका मेमोरियल बनवाया था।

लेकिन अब जब मनमोहन सिंह की बात आई है तो कांग्रेस चाहती है कि उन्हें पूरा सम्मान मिलना चाहिए। इसी वजह से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिख भी बड़ी मांग की है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि मनमोहन सिंह को उचित सम्मान मिलना ही चाहिए। मनमोहन सिंह से जुड़ी और खबरों के लिए यहां क्लिक करें