यहां एक गांव के 54 साल के किसान मनमोहन सिंह की बैंकिंग सुविधाएं शराब कारोबारी विजय माल्या का गारंटर होने के कारण पहले खत्म कर दी गई और बाद में फिर शुरू कर दी गईं। हालांकि, मनमोहन सिंह को पता भी नहीं है कि विजय माल्या कौन हैं। विजय माल्या बैंकों का कर्ज नहीं लौटाने और मनी लांड्रिग के तहत कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

बिलसंडा पुलिस थाने के तहत आने वाले खजूरिया नवीराम गांव के निवासी सिंह को बैंक आफ बड़ौदा की नांद शाखा ने दो महीने पहले बताया कि उनके दो खातों पर माल्या के गारंटर होने के कारण रोक लगाई जा रही है।

बैंक आफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय, मुंबई के निर्देश पर अमल करते हुए प्रबंधक मांगे लाल ने सिंह के खाते पर रोक लगा दी। मनमोहन के एक खाते में 12 हजार और दूसरे में चार हजार रुपए जमा हैं। सिंह ने कहा कि वह माल्या या उनकी कंपनी के बारे में कुछ भी नहीं जानते। उन्होंने कहा, ‘माल्या और किंगफिशर को तो छोड़ें मैं कभी मुंबई या यहां तक की लखनऊ भी नहीं गया।’

किसान ने कहा कि उन्होंने दो साल पहले चार लाख रुपए का कर्ज लिया था। इसके लिए उन्होंने बैंक को अपनी जमीन के दस्तावेज सौंपे थे। इस बीच लाल ने कहा कि उन्हें क्षेत्रीय कार्यालय से नए आर्डर मिले हैं और सिंह का खाता तुरंत प्रभाव से चालू किया जा रहा है। माल्या की किंगफिशर एअरलाइंस पर 9,400 करोड़ रुपए से अधिक के बैंक रिण भुगतान में चूक करने का आरोप है।