Mallikarjun Kharge: मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार (26 अक्टूबर को) कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। उधर खड़गे के गृहराज्य में कर्नाटक के कोलार में उनका पोस्टर फाड़ दिया गया। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने वक्कलेरी गांव का रास्ता जाम कर दिया। दरअसल, जिस दिन खड़गे ने नई दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में कांग्रेस प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया, उस दिन अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पोस्टर फाड़ दिया।
राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करके अपने दिन की शुरुआत करने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे को बुधवार को दिल्ली में एक पार्टी कार्यक्रम में चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा गया, जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य शामिल थे। अब कांग्रेस के प्रमुख के रूप में खड़गे को 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी को फिर से संगठित करने और अपने चुनावी क्षेत्रों में सुधार करने का काम सौंपा गया है।
47 सदस्यीय संचालन समिति का गठन
कांग्रेस कार्यसमिति के स्थान पर नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को 47 सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया और इसमें पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को शामिल किया है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ संचालन समिति में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, एके एंटनी, प्रियंका गांधी अभिषेक मनु सिंघवी, अजय माकन, अंबिका सोनी, अविनाश पांडे, आनंद शर्मा, हरीश रावत समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, जितेंद्र सिंह, कुमारी शैलजा, दिग्विजय सिंह, तारिक अनवर, सलमान खुर्शीद शामिल हैं।
मौजूदा कांग्रेस कार्य समिति के सदस्यों का इस्तीफा
मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के बाद मौजूदा कांग्रेस कार्य समिति के सदस्यों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया ताकि वह एक नई टीम बना सकें जो भविष्य में पार्टी का नेतृत्व करेगी। कांग्रेस संचालन समिति में रघुबीर मीणा, पीएल पुनिया, रघु शर्मा, एच के पाटिल, दिनेश गुंडू राव, हरीश चौधरी, जय प्रकाश अग्रवाल, के एच मुनियप्पा, मनीष चतरथ, मीरा कुमार शामिल हैं।