महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा का नाम ऐसे कारोबारियों में जोड़ा जाता है, जो सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा एक्टिव रहते हैं। अपने ट्विटर अकाउंट से वे हर बार देश की अहम उपलब्धियों और विरासतों के बारे में जानकारी देते रहते हैं। शनिवार को मिल्खा सिंह के निधन के बाद उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए भावुक ट्वीट किया और बताया कि फ्लाइंग सिख ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने भारत में विश्वास जगाया कि हम दुनिया में सबसे बेहतर हो सकते हैं।

ट्विटर पर क्या बोले आनंद महिंद्रा?: आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर लिखा, “आखिर कैसे हमारी पीढ़ी बताएगी कि मिल्खा सिंह हमारे लिए क्या मायने रखते थे? वे सिर्फ एक एथलीट नहीं थे। एक समाज जो पहले ही उपनिवेशवाद के दौर में असुरक्षा के दौर से गुजर रहा था, मिल्खा सिंह उसमें संकेत थे कि हम दनिया में सर्वश्रेष्ठ हो सकते हैं। शुक्रिया मिल्खा सिंह जी, हमें आत्मविश्वास से भरने के लिए। ओम शांति।”

सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता: आनंद महिंद्रा के साथ सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मिल्खा सिंह को याद किया। किरण बालाकृष्ण नाम के एक यूजर ने लिखा, “मिल्खा सिंह भारत के इतिहास के महानतम खिलाड़ी थे। इसका सबूत यह है कि उनके रिटायरमेंट के बाद पिछले 60 सालों में कोई एथलीट ऐसा नहीं हुआ, जो उनके स्टैट्स (रिकॉर्ड आंकड़ों) की बराबरी कर सके।” नंदिता शेट्टीगार नाम की यूजर ने कहा, “सर मिल्खा सिंह जी हमारी पीढ़ी का भी गर्व हैं। वे एक राष्ट्रीय हीरो हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले। मैं देशवासियों के लिए नुकसान की इस घड़ी में प्रार्थना करती हूं।”

देशभर की हस्तियों ने दी मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि: भारत के महानतम फर्राटा धावक मिल्खा सिंह पिछले करीब एक महीने से कोरोना संक्रमण से जूझ रहे थे। शुक्रवार देर रात उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद उनके निधन की खबर आई। पद्मश्री मिल्खा सिंह 91 वर्ष के थे। उनके निधन पर पीएम मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत राजनीति-कला-खेल क्षेत्र की तमाम दिग्गज हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। इससे पहले उनकी पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर ने भी कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया था।