महाराष्ट्र में इन दिनों भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है, जिसमें शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे में भारी बारिश की चेतावनी के चलते शुक्रवार को सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

सुबह 8:00 बजे मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश और कई जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। मुंबई के आसपास के जिलों, ठाणे और पालघर में मौसम ब्यूरो ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र में बारिश के हालात को देखते हुए NDRF तैयार

राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। भारी बारिश के कारण विभिन्न हिस्सों में जलभराव, बाढ़ के हालात और लैंड स्लाइड की स्थिति बनी हुई है। राज्य में बारिश के हालात को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा राहत बलों (NDRF) को तैयार रखा गया है।

मुंबई के अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई। इसी बीच आईएमडी ने शहर में भारी बारिश का अनुमान जताया है। कुछ वाहन चालकों ने पूर्वी और पश्चिमी एक्सप्रेसवे पर यातायात धीमी गति से चलने की शिकायत की है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि सुबह बारिश की तीव्रता कम थी और कहीं से भी जलजमाव की सूचना नहीं है। शहर के अधिकतर हिस्सों में आज हल्की बारिश हुई, और बीच-बीच में मध्यम और भारी बारिश भी दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि आईएमडी के अनुसार, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलभराव

महाराष्ट्र के ठाणे के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है। महाराष्ट्र के नांदेड़ के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण जलभराव होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई में भारी बारिश के कारण गुरुवार को कई इलाकों में जलजमाव हो गया, अधिकतर सड़कों पर भीषण जाम लग गया और पश्चिमी और मध्य रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हुई। बारिश के कारण माटुंगा, डीएन नगर, बाइकुला, ट्रॉम्बे, आजाद मैदान, कांदिवली, कालबादेवी, ओशिवारा, दहिसर, मगाथाने में करीब आधा फुट तक जलभराव हो गया।