मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए आरोप के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति गर्म है। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस राज्य सरकार पर लगातार हमला कर रहे हैं। आजतक पर एक शो में शिवसेना नेता संजय गुप्ता ने आरोपों पर बोलते हुए कहा कि वो क्या कहते हैं वो तय नहीं कर रहे हैं। कभी महीना कहते हैं कभी हफ्ता कहते हैं। लेकिन हफ्ता और महीना वसूली अलग-अलग है। एंकर रोहित सरदाना ने शिवसेना नेता से कहा कि आप ही बता दीजिए क्या अंतर है?
एंकर रोहित सरदाना ने संजय गुप्ता से सवाल किया था कि लोग कह रहे हैं कि इनकी सरकार क्या बन गयी ये तो 100 करोड़ मांगने लगे हैं? जवाब देते हुए गुप्ता ने कहा कि कभी वो कहते हैं कि हफ्ता, कभी कहते हैं कि महीना पहले तो देवेंद्र फडणवीस इस बात को तय कर लें कि हफ्ता है कि महीना। दोनों अलग-अलग होते हैं। एकंर रोहित सरदाना ने तंज करते हुए कहा कि आप ही बता दीजिए हफ्ता है या महीना है आपको तो पता ही होगा?
एंकर के तंज पर शिवसेना नेता कहने लगे कि ये तो देवेंद्र फडणवीस ही बेहतर बता पाएंगे। वो ही हिसाब-किताब बेहतर लगाते हैं। रोहित सरदाना ने कहा कि इसका मतलब क्या समझा जाए कि आपकी सरकार का भी हिसाब-किताब देवेंद्र फडणवीस के पास है? आप लोग क्या कर रहे हैं फिर?
संजय गुप्ता ने कहा कि महाराष्ट्र में कुछ भी होना होता है उससे पहले ही खबर देवेंद्र फडणवीस तक पहुंच जाती है, रोहित सरदाना ने संजय गुप्ता को रोकते हुए पूछा कि क्या आप लोगों की सरकार पर पकड़ मजबूत नहीं है?
बताते चलें कि मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह का कुछ ही दिन पहले महाराष्ट्र सरकार द्वारा तबादला कर दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने एक पत्र लिखकर राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने तबादले के विरोध में भी अदालत में एक याचिका दायर की है।