महाराष्ट्र के जलगांव में सरकारी अस्पताल के टॉयलेट से 82 साल की महिला का शव मिला है। जानकारी के मुताबिक यह शव पिछले एक सप्ताह से लापता था।अस्पताल प्रशासन के मुताबिक  महिला का शव वार्ड नंबर 7 के टॉयलेट से बरामद हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद था। बदबू आने के बाद इसे तोड़ा गया और महिला का शव बरामद हुआ।

यह महिला मूल रूप से भुसावल की रहने वाली थी। तबीयत खराब होने के बाद एक जून की शाम सात बजे जलगांव कोविड अस्पताल में महिला को भर्ती कराया गया था।मृतक महिला की बहू भी कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ चुकी है। वहीं महिला के बेटे को भी कोरोना संक्रमण है और नासिक के एक अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है।

बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने ट्वीट कर बताया कि महिला के पौत्र ने उन्हें घटना के बारे में बताया और इंसाफ की मांग की। बीजेपी नेता महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस को टैग करते हुए लिखा, ‘हम उन्हें न्याय दिलाएंगे।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में स्थिति काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 90 हजार 787 पर पहुंच गई है। वहीं, 24 घंटे में 120 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 3289 हो गई है। राज्य में पिछले करीब तीन हफ्तों से लगातार हर दिन दो हजार नए केस सामने आ रहे हैं। राज्य में मुंबई में ही 55 फीसदी से ज्यादा केस हैं। फिलहाल 51 हजार 100 केसों के साथ मुंबई संक्रमण के मामले में चीन के वुहान से आगे निकल गया है।