Maharashtra Govt Formation, BJP-Shiv Sena: महाराष्ट्र में सियासी घमासान के बाद एक बार शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा। अगर उद्धव जी ने ऐसा कहा है तो इसका मतलब है कि किसी भी कीमत पर सीएम शिवसेना का ही होगा। वहीं भाजपा ने रविवार (10 नवंबर) को ऐलान किया कि वह महाराष्ट्र में सरकार नहीं बनाएगी। पार्टी ने यह फैसला सहयोगी शिवसेना के सीएम पद पर सख्त रवैये के बाद किया। भाजपा के फैसले की घोषणा करते हुए महाराष्ट्र पार्टी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर विधानसभा में दोनों दलों के गठबंधन को मिले जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाया।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का बयान: महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि हमें (भाजपा-शिवसेना) एक साथ काम करने के लिए जनादेश दिया गया था, अगर शिवसेना इसका अनादर करना चाहती है और कांग्रेस-राकांपा के साथ सरकार बनाना चाहती है, तो हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। उन्होंने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने के बाद कहा कि हम राज्य में सरकार नहीं बनाएंगे क्योंकि हमारे पास बहुमत साबित करने के लिए जरुरी आंकड़े नहीं हैं।
Hindi News Today, 10 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें
कांग्रेस का बयान: महाराष्ट्र में सरकार गठन में गतिरोध के बीच कांग्रेस महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे ने जयपुर के एक रिसोर्ट में ठहरे महाराष्ट्र के नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों के साथ राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी विपक्ष में बैठेगी क्योंकि इसके लिए ही हमें बहुमत मिला।
संजय निरूपम ने कही यह बात: मुम्बई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरूपम ने यहां कहा कि ‘ऐसा जान पड़ता है कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन टूट गया है’ और वह पार्टी नेतृत्व से शिवसेना की मदद से सरकार बनाने के लिए प्रोत्साहित नहीं करने की अपील करेंगे क्योंकि यह एक स्थिर सरकार नहीं होगी तथा कांग्रेस एवं राकांपा दोनों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा।