Chhota Shakeel: अंडरवर्ल्ड की दुनिया का एक बड़ा नाम गैंगस्टर छोटा शकील गैंग के शूटर लईक अहमद फिदा हुसैन शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि भगोड़े गैंगस्टर छोटा शकील के एक शूटर को हत्या के मामले में 25 साल बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लईक अहमद फिदा हुसैन शेख (50) को पाइधोनी पुलिस ने उसे ठाणे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी हुसैन शेख छोटा शकील के लिए काम कर रहा था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 2 अप्रैल 1997 की शाम गिरफ्तार अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन गैंग के सदस्य मुन्ना धारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। शेख के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302, 34 और शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कोर्ट ने शेख को भगोड़ा घोषित कर दिया था
बाद में उसे 1998 में कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया था। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि 1998 के बाद से शेख भूमिगत हो गया था। वो किसी भी अदालत की सुनवाई में उपस्थित नहीं हुआ था। जिसके बाद कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली कि शेख टैक्सी ड्राइवर का काम करता है। जिसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की तो पता चला कि वह ठाणे रेलवे स्टेशन के पास है। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे ठाणे रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त वह तब दक्षिण मुंबई के डोंगरी इलाके में रहता था।
छोटा शकील को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का सबसे करीबी कहा जाता था। एक समय में था जब वो दक्षिण मुंबई के नागपाड़ा में एक ट्रैवल एजेंसी चलाता था। किसी तरह दाऊद के साथ उसकी दोस्ती हो गई और वह क्राइम की दुनिया में उतर आया और दाऊद का सबसे खास भी बन गया। 1993 के मुंबई ब्लास्ट में छोटा शकील का नाम सामने आया था।
दाऊद के साथ मिलकर उसने हमले की प्लानिंग बनाई थी। कहा जाता है कि छोटा राजन पर हमला करवाने के पीछे भी छोटा शकील का हाथ था। 2004 में कोर्ट ने दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील को आईएसआई षड्यंत्र मामले में अपराधी घोषित किया था।
