महाराष्ट्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संख्या बल के अभाव में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी को त्याग-पत्र सौंपने के बाद शाम को उनकी पत्नी अमृता फडणवीस ने ट्वीट किया। पति के दोबारा सत्ता में लौटने की उम्मीद जताते हुए उन्होंने लिखा, “पलट के आऊंगी शाखों पे खुशबुएं लेकर, खिज़ां की जद में हूं मौसम जरा बदलने दे!”

अमृता के इसी पोस्ट पर कई लोगों ने उन्हें निशाने पर ले लिया और कहा कि हमें उम्मीद है कि अब आप ग्लैमर के बजाय किसानों और जरूरतमंदों की समस्याओं पर ध्यान देंगी। बता दें कि मंगलवार को महाराष्ट्र की सियासत में बड़ा उलटफेर हुआ। शनिवार (23 नवंबर) को फडणवीस खेमे में आकर डिप्टी सीएम की शपथ लेने वाले NCP नेता अजित पवार ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

थोड़ी देर बाद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फडणवीस ने भी ऐलान किया उनके पास संख्या बल नहीं है, इसलिए उन्होंने इस्तीफे का निर्णय लिया है।  इसी के बाद फडणवीस की पत्नी ने यह ट्वीट किया।

अमृता ने शायराना अंदाज में दो पक्तियां लिखने के बाद अंग्रेजी में लिखा, “बतौर आपकी वहिनी हमें पांच यादगार साल देने के लिए शुक्रिया। आपकी ओर से मिला हमें प्यार हमेशा याद रहेगा। महाराष्ट्र की सेवा और यहां सकारात्मक अंतर लाने के मकसद से मैंने अपनी भूमिका में रहते हुए पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन किया।”

फिर क्या था, अमृता के इसी ट्वीट पर लोगों ने उन्हें निशाने पर लिया और ट्रोल कर दिया। देखें, कुछ और लोगों की प्रतिक्रियाएंः

नौ अप्रैल 1979 को जन्मीं अमृता मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली है। उन्होंने नागपुर के जीएस कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकनॉमिक्स और पुणे के सिंबॉइसिस लॉ स्कूल से पढ़ाई की है। वह बैंकर, प्लेबैक सिंगर, सामाजिक कार्यकर्ता के साथ ही गृहणी भी हैं। साल 2016 में उन्होंने सिंगिंग में डेब्यू मराठी फिल्म जय गंगाजल में ‘सब धन माटी’ गाने के साथ किया था।

अक्टूबर 2018 में भी सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी। दरअसल, तब उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अंग्रिया (देश का पहला क्रूज शिप जो मुंबई-गोवा तक) के असुरक्षित क्षेत्र में सेल्फी लेती नजर आई थीं।