Madipur (Delhi) Election/Chunav Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणामों के बीच पश्चिमी दिल्ली लोकसभा के अंतर्गत आने वाली मादीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज कर ली है। यहां बीजेपी के कैलाश गंगवाल ने आम आदमी पार्टी की राखी बिड़लान को करीब 11 हजार वोटों के अंतर से हरा दिया है। 11 राउंड की मतगणना के बाद कैलाश गंगवाल को कुल 52019 वोट मिले हैं। वहीं राखी को 41120 वोट प्राप्त हुए हैं। कांग्रेस के जेपी पंवार इस सीट तीसरे नंबर पर रहे हैं। उन्हें कुल 17958 वोट प्राप्त हुए हैं।
राखी बिड़लान को मंगोलपुरी से भेजा गया था मादीपुर
राखी बिड़लान मंगोलपुरी से विधायक थीं, लेकिन पार्टी ने यहां से उनका टिकट काट दिया था। मादीपुर विधानसभा सीट भी काफी चर्चित सीट मानी जाती है। इस सीट पर लोगों ने बढ़-चढ़कर वोट डाला था। अब सभी की निगाहें चुनावी नतीजों पर टिकी हुई हैं। दिल्ली की मादीपुर विधानसभा सीट पश्चिमी दिल्ली लोकसभा का हिस्सा है।
मादीपुर विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2025
पार्टी | प्रत्याशी | रिजल्ट/वोट प्राप्त |
आम आदमी पार्टी | राखी बिड़लान | 41120 |
बीजेपी | कैलाश गंगवाल | 52019 (जीत) |
कांग्रेस | जेपी पंवार | 17958 |
2020 मादीपुर विधानसभा चुनाव परिणाम
पार्टी | प्रत्याशी | कुल वोट/प्रतिशत |
आप | गिरीश सोनी | 64440 56% |
बीजेपी | कैलाश सांकला | 41721 36.26% |
कांग्रेस | जय प्रकाश पंवार | 6788 5.9% |
दिल्ली विधानसभा 2020 में मादीपुर सीट आप के गिरीश सोनी को 64,440 वोट मिले (जीते)। भाजपा के कैलाश सांकला को 41,721 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के जय प्रकाश पंवार को 6,788 वोट हासिल हुए थे।
2015 मादीपुर विधानसभा चुनाव परिणाम
पार्टी | प्रत्याशी | कुल वोट/प्रतिशत |
आप | गिरीश सोनी | 66571 57.24% |
बीजेपी | राज कुमार | 37184 31.97% |
कांग्रेस | माला राम गंगवाल | 10350 8.9% |
दिल्ली विधानसभा 2015 में मादीपुर सीट आप के गिरीश सोनी को 66,571 वोट मिले (जीते)। भाजपा के राज कुमार को 37,184 वोट मिले। जबकि कांग्रेस के माला राम गंगवाल को 10,350 वोट मिले थे।
कैसा है मादीपुर का चुनावी इतिहास
1977 में इस सीट पर सबसे पहले चुनाव हुए जिसमें कांग्रेस के भोरे लाल ने जनता पार्टी के चंद्र सिंह को 2315 वोट से हरा दिया। 1983 में इस सीट पर फिर से चुनाव हुए जिसमें कांग्रेस भौंरी लाल शास्त्री ने भाजपा शिव नारायण जलुथरिया को 11,188 वोट से हराया था।
1993: भाजपा को मिली जीत
दिल्ली को विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद 1993 में विधानसभा के चुनाव हुए। इस चुनाव में भाजपा के स्वरूप चंद राजन ने कांग्रेस के माला राम गंगवाल को 4,875 वोट से हरा दिया।
1998: कांग्रेस के माला राम गंगवाल को जीत
1998 के चुनावों में मुकाबला फिर से कांग्रेस और भाजपा के बीच में देखने को मिला। कांग्रेस के माला राम गंगवाल ने भाजपा के लक्ष्मण सिंह अटल को 8096 वोट से हरा दिया।
2003: कांग्रेस दूसरी बार जीती
2003 में फिर से इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। कांग्रेस के माला राम गंगवाल ने भाजपा कैलाश को 6339 वोट से हराया।
2008: मालाराम गंगवाल की हैट्रिक
2008 में हुए चुनावों में फिर से कांग्रेस के माला राम गंगवाल को जीत मिली। कांग्रेस ने इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगाई। कांग्रेस उम्मीदवार ने भाजपा के कैलाश सांकला को 8532 वोट से हरा दिया था।
2013: आप की जीत की शुरुआत
दिल्ली की राजनीति के लिए साल 2013 एक अहम कड़ी साबित हुआ। इस चुनाव में मुकाबले में कांग्रेस-भाजपा के अलावा इस बार भ्रष्टाचार आंदोलन से निकली आम आदमी पार्टी भी थी। मादीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। इस सीट पर भी आम आदमी पार्टी को ही जीत मिली। आप के गिरीश सोनी ने भाजपा के कैलाश सांकला को 1103 वोट से हरा दिया था।
मादीपुर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के 70 दिल्ली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। मादीपुर निर्वाचन क्षेत्र 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। मादीपुर 9 अन्य विधानसभा क्षेत्रों – उत्तम नगर, राजौरी गार्डन, हरि नगर, तिलक नगर, जनकपुरी, विकासपुरी, द्वारका, मटियाला और नजफगढ़ के साथ पश्चिमी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। मादीपुर दिल्ली मेट्रो की ग्रीन लाइन पर एक स्टेशन है। यह एक एलिवेटेड स्टेशन है और इसका उद्घाटन 2 अप्रैल 2010 को हुआ था। यह यादव समुदाय के लोगों का एक बड़ा इलाका है।