Madhya Pradesh Government Crisis Updates: भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस सरकार पर जमकर तीखा हमला बोला और शिवराज सिंह चौहान की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज मेरे लिए बेहद भावुक दिन है। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि इस परिवार (भाजपा) ने मेरे लिए अपने दरवाजे खोले और मुझे पीएम मोदी, नड्डा साहब और अमित भाई का आशीर्वाद मिला।

ज्योतिरादित्य ने कहा कि सिंधिया को ललकार कर गलती की गई। 1967 में मेरी दादी को ललकारा गया तो क्या हुआ? सरकार गिर गई। मेरे पिता पर हवाला के आरोप लगे तब क्या हुआ? बता दें कि सिंधिया ने वादों को पूरा नहीं करने पर कमलनाथ सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने की बात कही थी, जिस पर कमलनाथ ने उन्हें ललकारा था।

भाजपा मुख्यालय में सिंधिया ने कहा कि ‘अगर प्रदेश में दो नेता हैं, जो शायद अपनी कार में एसी ना चलाएं, वो केवल शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया हो सकते हैं। मेरी आशा है कि आप एक और हम एक, और जब एक और एक मिल जाएं तो दो नहीं ग्यारह होना चाहिए।’

रोडशो के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनका पार्टी नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। शिवराज सिंह चौहान भी भाजपा कार्यालय में मौजूद रहे और सिंधिया से गुफ्तगू करते नजर आए। सिंधिया के स्वागत समारोह में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज का दिन विशेष है।

 

Live Blog

Highlights

    19:59 (IST)12 Mar 2020
    सिंधिया बोले- एक और एक मिलकर ग्यारह होना चाहिए

    भाजपा मुख्यालय में सिंधिया ने कहा कि 'अगर प्रदेश में दो नेता हैं, जो शायद अपनी कार में एसी ना चलाएं, वो केवल शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया हो सकते हैं। मेरी आशा है कि आप एक और हम एक, और जब एक और एक मिल जाएं तो दो नहीं ग्यारह होना चाहिए।'

    19:57 (IST)12 Mar 2020
    राहुल गांधी बोले- मैं सिंधिया की विचारधारा को जानता हूं

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के फैसले की आलोचना की है। राहुल गांधी ने कहा कि 'यह विचारधारा की लड़ाई है, एक तरफ कांग्रेस है और एक तरफ बीजेपी और आरएसएस। मैं ज्योतिरादित्य सिंधिया की विचारधारा जानता हूं।' गांधी ने कहा कि 'वह मेरे साथ कॉलेज में थे, मैं उन्हें अच्छी तरह जानता हूं। वह अपने राजनैतिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं, जिसके चलते उन्होंने अपनी विचारधारा को छोड़ा और आरएसएस के साथ चले गए।' राहुल गांधी ने कहा कि 'हकीकत ये है कि उन्हें वहां (भाजपा) में इज्जत नहीं मिलेगी और वह संतुष्ट भी नहीं होंगे। उन्हें इसका एहसास होगा। मैं ये जानता हूं क्योंकि मैं उनका दोस्त रहा हूं। वह जो बोल रहे हैं और जो उनके दिल में है, उसमें काफी अंतर है।'

    19:40 (IST)12 Mar 2020
    भाजपा मुख्यालय पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया

    भाजपा मुख्यालय में शिवराज सिंह से गुफ्तगू करते ज्योतिरादित्य सिंधिया

    18:56 (IST)12 Mar 2020
    राहुल गांधी बोले- सिंधिया को जल्द ही एहसास हो जाएगा

    ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में जाने पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 'हकीकत ये है कि उन्हें वहां (भाजपा) में इज्जत नहीं मिलेगी और वह संतुष्ट भी नहीं होंगे। उन्हें इसका एहसास होगा। मैं ये जानता हूं क्योंकि मैं उनका दोस्त रहा हूं। वह जो बोल रहे हैं और जो उनके दिल में है, उसमें काफी अंतर है।'

    17:59 (IST)12 Mar 2020
    भोपाल पहुंचने पर सिंधिया का हुआ भव्य स्वागत

    भाजपा में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को पहली बार भोपाल पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया का जोरदार स्वागत हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं और सिंधिया के समर्थकों ने सिंधिया को फूल मालाओं से लाद दिया और ढोल नगाड़ों के साथ जमकर नारेबाजी की।

    16:57 (IST)12 Mar 2020
    बेंगलुरू पहुंचे कांग्रेस मंत्री पुलिस से भिड़े, गिरफ्तार

    बेंगलुरू के एक होटल में ठहरे कांग्रेस के बागी विधायकों से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता जीतू पटवारी की बेंगलुरू पुलिस से हाथापाई की खबर है। दरअसल जीतू पटवारी बागी विधायकों से मिलना चाहते थे, लेकिन बेंगलुरू पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर उनके बीच हाथापाई हो गई।

    16:21 (IST)12 Mar 2020
    दिग्विजय सिंह का आरोप- बीजेपी ने विधायकों को बंधक बनाया

    मध्य प्रदेश में जारी सियासी संकट के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर 19 विधायकों को बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि फ्लोर टेस्ट नहीं हो सकता क्योंकि 19 विधायकों का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। उन्हें शारीरिक रूप से अध्यक्ष के सामने आकर बताना पड़ेगा। इन विधायकों को बीजेपी ने बंधक बना रखा है।

    15:56 (IST)12 Mar 2020
    भोपाल नगर निगम ने हटाए सिंधिया के पोस्टर

    भाजपा में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरूवार को भोपाल पहुंच रहे हैं। इसके चलते भाजपा ने उनके स्वागत में जगह जगह पोस्टर बैनर लगाए थे लेकिन भोपाल नगर निगम ने सिंधिया के स्वागत में जगह जगह लगाए गए पोस्टर हटा दिए हैं।

    15:13 (IST)12 Mar 2020
    16 मार्च को सरकार का शक्ति परीक्षण कराने की मांग

    मध्यप्रदेश में कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा से त्यागपत्र देने के बाद प्रदेश भाजपा ने 16 मार्च को सरकार का शक्ति परीक्षण कराने की मांग की है। विधानसभा का सत्र 16 मार्च से ही शुरू हो रहा है।

    14:40 (IST)12 Mar 2020
    कांग्रेस का सिंधिया पर कटाक्ष

    18 साल तक कांग्रेस से जुड़े रहे सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए राज्य कांग्रेस ने कहा कि वह एक महाराजा है, जिनका इतिहास अक्सर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा उल्लेख किया जाता है। 

    13:56 (IST)12 Mar 2020
    कांग्रेस ने ट्वीट कर उड़ाया मज़ाक

    मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया है, ''नरेंद्र मोदी जी या अमित शाह जी द्वारा सिंधिया जी के स्वागत में एक ट्वीट तक नहीं..! मोदी,शाह जी, —कम से कम इतनी जल्दी तो ऐसा मत करो ! अभी तो 24 घंटे भी नहीं हुये और आप लोगों ने अपमानित करना शुरू भी कर दिया..!  महाराज हैं ! वही महाराज जिनके इतिहास का ज़िक्र शिवराज जी खूब करते हैं।'

    13:08 (IST)12 Mar 2020
    दिग्विजय ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरा

    दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भर दिया। उधर भाजपा की ओर से दूसरे प्रत्याशी के रूप में सुमेर सिंह सोलंकी का नाम घोषित किया है। 

    12:48 (IST)12 Mar 2020
    बीजेपी कार्यालय में रेड कारपेट बिछाया गया

    ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए मध्य प्रदेश बीजेपी कार्यालय में रेड कारपेट बिछाया गया है। साथ ही प्रदेश बीजेपी कार्यालय को सजाया जा रहा है। वहीं कार्यालय में बड़ी संख्या में कुर्सियां लगाई गई हैं। एयरपोर्ट से ज्योतिरादित्य का काफिला प्रदेश बीजेपी कार्यालय पहुंचेगा, जहां उनका स्वागत होगा। 

    12:21 (IST)12 Mar 2020
    अमित शाह ने किया ट्वीट

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि आज ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। मुझे पूरी उम्मीद है कि उनके बीजेपी में आने से मध्य प्रदेश में जनता की सेवा करने में पार्टी और भी मजबूत होगी। अमित शाह से पहले उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी औपचारिक मुलाकात की। 

    11:48 (IST)12 Mar 2020
    राजनाथ सिंह से मुलाक़ात की

    भाजपा में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा नेताओं के साथ मुलाकात शुरू कर दी है। इसी दौरान वे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने पहुंचे, दोनों के बीच लंबी चर्चा हुई।

    11:14 (IST)12 Mar 2020
    सरकार पूरी तरह सुरक्षित है

    मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत कांग्रेस के रणनीतिकारों का दावा है कि उनकी सरकार पूरी तरह सुरक्षित है और फ्लोर टेस्ट में वह एक बार फिर बहुमत साबित करने में कामयाब रहेगी। इसके बावजूद सरकार पर संकट के बादल और भी घने हो गए हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामने और छह मंत्रियों समेत 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद बहुमत का आंकड़ा गड़बड़ा गया है।

    10:47 (IST)12 Mar 2020
    पोस्टर फाड़ तस्वीर पर स्याही फेंकी

    ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने से नाराज़ लोगों ने राज्य की राजधानी भोपाल में उनके एक पोस्टर पर स्याही फेंक दी। भोपाल में बुधवार को पॉलिटेक्निक चौराहा के पास लगाए गए पोस्टर पर भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर पर स्याही फेंकी गई और पोस्टर का एक हिस्सा फाड़ा गया है। गुरुवार को सिंधिया भोपाल जाने वाले हैं, ऐसे में उनके स्वागत में पार्टी कार्यालय के पास ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं।

    10:28 (IST)12 Mar 2020
    हुड्डा ने कुमारी शैलेजा का विरोध किया

    मध्य प्रदेश के बाद अब हरियाणा में भी कांग्रेस पार्टी टूटती नज़र आ रही है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कुमारी शैलेजा को लेकर विरोध जताया है। हरियाणा में राज्यसभा की तीन सीटें हैं जिसमें से एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। इसको लेकर दोनों के बीच पेंच फंस गया है।

    09:50 (IST)12 Mar 2020
    कोई एक मांग मान लेते तो कलह नहीं होता

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सिंधिया ने कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य या प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग की थी। अगर पार्टी ने दोनों में से कोई भी एक मांग मान ली होती तो ऐसा नहीं होता।

    09:19 (IST)12 Mar 2020
    कैबिनेट मंत्री बनने की ‘अतिमहत्वाकांक्षा’ के चलते भाजपा में शामिल हुए सिंधिया

    दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं से यह समझ पाने में गलती हुई कि सिंधिया कांग्रेस छोड़ने जैसा कदम उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह कैबिनेट मंत्री बनने की ‘अतिमहत्वाकांक्षा’ के चलते भाजपा में शामिल हुए हैं। दिग्विजय ने कहा, ‘‘यह गलती हमसे हुई कि हम यह नहीं समझ पाए कि वह कांग्रेस छोड़ देंगे। कांग्रेस ने उन्हें क्या नहीं दिया। चार बार सांसद बनाया, दो बार केंद्रीय मंत्री बनाया और कार्य समिति का सदस्य और महासचिव बनाया।’’

    08:53 (IST)12 Mar 2020
    दिग्विजय सिंह ने कहा बहुमत साबित करेंगे

    मध्य प्रदेश में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम और ज्योतिरादित्य सिंघीय के भाजपा में शामिल होने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने विधानसभा में कमलनाथ सरकार के बहुमत साबित करने का विश्वास जताते हुए बुधवार को दावा किया कि 22 बागी विधायकों में 13 ने कांग्रेस नहीं छोड़ने का भरोसा दिया है।

    05:32 (IST)12 Mar 2020
    सिंधिया से संवाद नहीं होने की वजह से मध्य प्रदेश में संकट उत्पन्न हुआ: पवार

    राकांपा प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कहा कि उन्हें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की क्षमताओं पर पूरा विश्वास है जिनकी 14 महीने पुरानी सरकार वरिष्ठ पार्टी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके प्रति निष्ठा रखने वाले विधायकों की बगावत के चलते गिरने के कगार पर पहुंच गई है। पूर्व कांग्रेसी पवार ने कहा कि यदि सिंधिया से बातचीत शुरू की गई होती तो पास के राज्य में वर्तमान स्थिति उत्पन्न नहीं होती। सिंधिया बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। पवार ने कहा, ‘‘लोग मानते हैं कि कमलनाथ चमत्कार कर सकते हैं। यह अगले एक या दो दिनों में पता चल जाएगा कि क्या यह वास्तव में होगा। मुझे मध्य प्रदेश विधानसभा की संरचना के बारे में पता नहीं है।

    00:59 (IST)12 Mar 2020
    कांग्रेस के 8 विधायक जयपुर पहुंचे

    सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने के बाद कमल नाथ सरकार पर संकट गहरा गया है। बुधवार देर रात कांग्रेस के 8 विधायक चार्टर्ड विमान से जयपुर पहुंचे। इसके बाद अब रिजॉर्ट में कांग्रेस के 86 विधायक ही बचे हैं।

    23:22 (IST)11 Mar 2020
    कांग्रेस ने डीके शिवकुमार को कर्नाटक इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया

    मध्य प्रदेश में गहराए राजनीतिक संकट के बीच कर्नाटक में कांग्रेस ने डीके शिवकुमार को कर्नाटक इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। समाचार एजेंसी आइएएनएस के मुताबिक, कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने डीके शिवकुमार को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया।

    21:05 (IST)11 Mar 2020
    BJP ने सिंधिया के शामिल होने के 3 घंटे बाद ही राज्यसभा के लिए उनके नाम का ऐलान किया

    ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होते ही पार्टी ने उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए टिकट दे दिया। ऐलान के मुताबिक, मध्य प्रदेश से सिंधिया के अलावा हर्ष सिंह चौहान राज्यसभा के लिए पार्टी के उम्मीदवार होंगे। हालांकि, कुछ लोग इसे भाजपा की वंशवादी नीति के विरोध में बदलाव करार दे रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...

    18:56 (IST)11 Mar 2020
    सिंधिया के पार्टी छोड़ने पर दुखः मल्लिकार्जुन खड़गे

    मध्य प्रदेश में पिछले करीब दो हफ्तों से सियासी उथलपुथल जारी है। इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने नया खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि मुझे बुरा लगा है कि सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ दी है। तीन दिन पहले मैंने उससे बात की थी और कहा था कि वे पार्टी न छोड़ें। तुम चार बार के सांसद रहे हो। कई पद संभाले हैं। इसलिए तुम्हारा पार्टी छोड़ना ठीक नहीं है। लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी और अपनी शिकायतों के साथ पार्टी छोड़ दी।

    17:55 (IST)11 Mar 2020
    सिंधिया के पार्टी छोड़ने पर राहुल ने दी प्रतिक्रिया

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहली बार ज्योतिरादित्य सिंधिया के पार्टी छोड़ने पर बयान दिया है। हाल ही में ज्योतिरादित्य के चचेरे भाई ने कहा था कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने सिंधिया को मिलने के लिए समय नहीं दिया। इस पर राहुल ने कहा कि कांग्रेस में ज्योतिरादित्य ही एकमात्र व्यक्ति थे, जो मेरे घर कभी भी आ जा सकते थे।

    16:21 (IST)11 Mar 2020
    चाहे मुझे कुएं में ही कूदना पड़े, लेकिन मैं सिंधिया जी के साथः इमरती देवी

    सिंधिया गुट की नेता मानी जाने वाली विधायक इमरती देवी ने कहा कि बेंगलुरू में 22 विधायक अपनी मर्जी से रुके हैं। हम खुश हैं कि उन्होंने यह फैसला किया। मैं हमेशा उनके साथ रहूंगी, चाहे मुझे कुएं में ही कूदना पड़े। जब हम कांग्रेस में थे, तो कमलनाथ जी हमारी कभी नहीं सुनते थे।

    16:02 (IST)11 Mar 2020
    ज्योतिरादित्य के भाजपा में शामिल होने पर यशोधरा बोलीं- मेरे भतीजे को शुभकामनाएं

    भाजपा नेता यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा, "आज मैं बहुत खुश हूं। मध्य प्रदेश में सरकार शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में बनेगी। हम खुश हैं, क्योंकि हमने उनके साथ काम किया है और हमें पता है कि उनके पास लोगों के लिए क्या अच्छी योजनाएं थीं। मेरे भतीजे को शुभकामनाएं, उम्मीद है हम अच्छा बुआ-भतीजे का जोड़ बनेंगे।" यशोधरा ने आगे कहा कि पहले परिवार दो हिस्सों में बंट गया था, क्योंकि इसके सदस्य दो राजनीतिक दलों में थे। यह स्वाभाविक है कि जब राजनीतिक मतभेद होते हैं, तो यह परिवार में भी आ जाते हैं। ज्योतिरादित्य के कदम से हमारे छोटे-छोटे मुद्दे और मतभेद खत्म होंगे। हम अब एक साथ हैं।

    इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब मध्य प्रदेश चुनाव चल रहे थे, तब कांग्रेस में महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया) लोकप्रिय थे। इसलिए हम कहते थे 'माफ करो महाराज।' अब महाराज और शिवराज एक हैं, भाजपा में।

    15:28 (IST)11 Mar 2020
    जो अमित शाह का नंबर उठायो तो म्हारो मरो मुंह देखोगो..!!!; सच‍िन पायलट, अशोक गहलोत पर कैलाश व‍िजयवर्गीय का तंज

    कांग्रेस पर सबसे बड़ा तंज मध्य प्रदेश के भाजपा नेता और पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कसा। उन्होंने एक ट्वीट में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट का फोटो पोस्ट किया। फोटो में ऐसा लग रहा है, जैसे गहलोत सचिन पायलट से कुछ कह रहे हैं। इसी पर टिप्पणी में विजयवर्गीय ने लिखा, “तने थारे बाप की सोगन बेटा .. तू तो मेरे बेटे समान है, जो अमित शाह का नंबर उठायो तो म्हारो मरो मुँह देखोगो ..!!!” पढे़ पूरी खबर

    15:18 (IST)11 Mar 2020
    सिंधिया बोले- अब कांग्रेस पहले वाली पार्टी नहीं रही

    कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिंधिया ने कहा कि उनके जीवन में दो घटनाएं जीवन बदलने वाली रही हैं। एक जब मेरे पिता का निधन हुआ और दूसरी जब मैंने जीवन की नई राह चुनी। कांग्रेस अब पहले वाली पार्टी नहीं रही है।

    14:56 (IST)11 Mar 2020
    भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया

    ज्योतिरादित्य सिंधिया आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में सिंधिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। नड्डा ने गुलदस्ता भेंटकर सिंधिया को पार्टी में शामिल कराया। 

    14:41 (IST)11 Mar 2020
    भाजपा मुख्यालय पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया

    ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। अब से कुछ ही देर में वह भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में सिंधिया भाजपा में शामिल होंगे। 

    14:18 (IST)11 Mar 2020
    सिंधिया को भाजपा में लाने से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नाराज

    ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा में शामिल करने के फैसले से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा नाराज हो गए हैं। प्रभात झा ने अपनी नाराजगी पार्टी आलाकमान के सामने जाहिर की है। वहीं सिंधिया भाजपा में शामिल होने के लिए भाजपा मुख्लालय के लिए निकल गए हैं। 

    13:46 (IST)11 Mar 2020
    मध्य प्रदेश के भिंड में लगे सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के पोस्टर

    मध्य प्रदेश के भिंड में ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के पोस्टर जगह-जगह लग गए हैं। इन पोस्टरों में सिंधिया को पीएम मोदी और अमित शाह के साथ दिखाया गया है।

    13:22 (IST)11 Mar 2020
    सिंधिया पर अशोक गहलोत का तंज- ऐसे लोग सत्ता के बगैर नहीं रह सकते

    सिंधिया के इस्तीफे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ''राष्ट्रीय संकट के समय भाजपा के साथ हाथ मिलाना एक नेता की खुद की राजनीतिक आकांक्षा को दिखाता है। खासतौर पर उस समय जब भाजपा अर्थव्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं, सामाजिक तानेबाने और न्यायपालिका को बर्बाद कर रही है।'' उन्होंने कहा, ''सिंधिया ने जनता के विश्वास और विचारधारा के साथ विश्वासघात किया है। ऐसे लोग यह साबित करते हैं कि वे सत्ता के बगैर नहीं रह सकते। वो जितनी जल्दी छोड़ दें बेहतर है।"

    12:42 (IST)11 Mar 2020
    अब 2 बजे भाजपा में शामिल होंगे सिंधिया

    ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने में देरी हो रही है। दरअसल अभी खबर आयी है कि वह सिंधिया दोपहर 2 बजे भाजपा में शामिल होंगे। इससे पहले उनके साढ़े बारह बजे भाजपा में शामिल होने की खबर थी, जिसका समय अब बढ़कर दो बजे हो गया है। 

    12:35 (IST)11 Mar 2020
    जयपुर के ब्यूना विस्ता रिजॉर्ट में रुक सकते हैं कांग्रेस विधायक

    मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक जयपुर के लिए रवाना हो गए हैं। खबर है कि कांग्रेस विधायकों को जयपुर के ब्यूना विस्ता रिजॉर्ट में ठहराया जा सकता है।

    11:51 (IST)11 Mar 2020
    सीएम कमलनाथ बोले- हमारे पास बहुमत, चिंता की कोई बात नहीं

    सीएम कमलनाथ ने दावा किया है कि उनके पास बहुमत है और चिंता की कोई बात नहीं है। कमलनाथ ने भाजपा पर बागी विधायकों को कैद करने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस की नेता शोभा ओझा ने दावा किया है कि हम सदन में बहुमत साबित करेंगे। सभी कांग्रेस विधायक, जो बेंगलुरू में हैं, उन्हें गुमराह किया गया, वो हमारे साथ हैं। यहां तक कि भाजपा के भी कुछ विधायक हमारे संपर्क में हैं।

    11:40 (IST)11 Mar 2020
    मध्य प्रदेश के हालात पर राहुल गांधी ने साधा मोदी सरकार पर निशाना

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने एक ट्वीट में मध्य प्रदेश के मौजूदा सियासी हालात को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि पीएमओ इंडिया, जब आप कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने में जुटे थे, आपने शायद वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में आयी गिरावट पर ध्यान नहीं दिया है। क्या आप पेट्रोल की कीमतों को 60 रुपए प्रति लीटर से कम करके इसका फायदा कृप्या भारतीय लोगों को देगें? इससे अर्थव्यवस्था को भी मदद मिलेगी।