Ludo Love Story : प्रेमी मुलायम सिंह यादव से मिलने नेपाल के रास्ते यूपी पहुंची पाकिस्तानी लड़की इकरा जीवनी को पाकिस्तान भेज दिया गया है। इकरा जीवनी और मुलायम सिंह यादव की प्रेम कहानी 2019 में मल्टीप्लेयर लूडो गेम से शुरू हुई थी। बेंगलुरु में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाले मुलायम को पाकिस्तानी लड़की से मोहब्बत हो गयी थी। दोनों ने मिलने का प्लान बनाया और इकरा नेपाल के रास्ते यूपी पहुंच मुलायम के साथ रहने लगी।

पाकिस्तान किए गए एक व्हाट्सएप कॉल के बाद पूरा मामला पुलिस के सामने आ गया। पहले इकरा को गिरफ्तार किया गया और अब रविवार (19 फरवरी) को भारत-पाकिस्तान सीमा पर अधिकारियों के हवाले कर पाकिस्तान भेज दिया गया है।

कैसे सामने आया मामला ?

इकरा जीवनी ने पाकिस्तान में अपने माता-पिता को एक व्हाट्सएप कॉल किया था। जिसके बारे में खुफिया जानकारी से सतर्क बेंगलुरु पुलिस ने 23 जनवरी को इकरा को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने और शहर में रहने के लिए अपनी पहचान बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जबकि मुलायम को एक पाकिस्तानी नागरिक को आश्रय देने के लिए गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उपायुक्त (व्हाइटफील्ड) एस गिरीश ने द इंडियन एक्सप्रेस से पुष्टि की कि इकरा को रविवार को पाकिस्तान भेज दिया गया है।

इकरा भारत में रहना चाहती थी

गिरफ्तारी के बाद इकरा जीवनी को अधिकारियों की निगरानी में रखा गया था। एक अधिकारी ने बताया कि 19 वर्षीय इकरा अक्सर अपने पति के साथ भारत में रहने के लिए अनुरोध करती थी। वह कहती “मैं अपने पति के साथ भारत में अपने पूरे जीवन के लिए रहना चाहती हूं। कृपया मुझे वापस (पाकिस्तान) न भेजें। कृपया मुझे उससे बात करने दें। बेंगलुरु के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “गिरफ्तारी के बाद इकरा का एकमात्र अनुरोध भारत में अपने पति के साथ रहना था। वह उससे बहुत प्यार करती है। मुझे उन दोनों के लिए दुख है। लेकिन कानून के एक अधिकारी के रूप में हम कुछ भी नहीं कर सकते थे।

मुलायम की मां ने कहा “दोनों को गांव वापस भेजो”

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मकसूदन गांव में बेंगलुरु से 1,500 किमी दूर, 55 वर्षीय शांति यादव, जो अपनी पाकिस्तानी बहू से कभी नहीं मिली हैं, कहती हैं, “उनको वापस गांव भेजो। एक को नहीं, दोनो को। जब सब लोग राजी हैं, तो क्या दिक्कत है। मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने कहा,मुलायम ने इकरा को भारत लाने की योजना बनाई। सितंबर 2022 में, उसने दुबई के रास्ते काठमांडू के लिए उसके हवाई टिकट खरीदे। वह उससे नेपाल में मिला, जहां उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की।