कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओपन डिबेट के लिए चैलेंज किया था। वहीं अब बीजेपी की ओर से राहुल गांधी को पत्र लिखा गया है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखा और भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश को डिबेट के लिए नॉमिनेट किया है।

कौन हैं अभिनव प्रकाश?

अभिनव प्रकाश उत्तर प्रदेश से आते हैं और वह दलित समुदाय से हैं। दलित समुदाय की उपजाति पासी समुदाय से अभिनव प्रकाश आते हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट पर पासी समुदाय दलितों की कुल आबादी के करीब 30% है। राहुल गांधी रायबरेली से ही कांग्रेस उम्मीदवार हैं।

अभिनव प्रकाश भाजपा युवा मोर्चा के प्रवक्ता भी हैं, जो लगातार मोदी सरकार के कामकाज पर पार्टी का पक्ष रखते हैं। अभिनव प्रकाश जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के एल्यूमिनी भी हैं। वह अभी दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज में इकोनॉमिक्स के असिस्टेंट प्रोफेसर भी हैं। इसके पहले उन्होंने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में भी शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।

तेजस्वी सूर्या ने राहुल गांधी को दिया जवाब

तेजस्वी सूर्या ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा, “नमस्ते राहुल जी! हम 2024 के लोकसभा चुनाव अभियान के व्यस्त कार्यक्रम के बीच महत्वपूर्ण शासन मुद्दों पर चर्चा और बहस में शामिल होने की आपकी इच्छा की सराहना करते हैं।”

अभिनव प्रकाश ने दिया धन्यवाद

वहीं अभिनव प्रकाश ने ‘एक्स’ पर भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “मुझे नामांकित करने के लिए श्री तेजस्वी सूर्या जी को धन्यवाद। मैं श्री राहुल गांधी जी से बहस के लिए सहमत होने की उम्मीद कर रहा हूं। सभी मुद्दों पर खुली चर्चा होनी चाहिए, चाहे लोकतंत्र हों, संविधान हों, शासन हों, रोज़गार हों।

उम्मीद है रायबरेली से नहीं भागेंगे राहुल- अभिनव प्रकाश

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अभिनव प्रकाश ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि वह बहस से उस तरह नहीं भागेंगे जैसे वह अमेठी से भागे थे। अन्यथा कौन जानता है कि उन्हें अगले चुनाव में रायबरेली से भी भागना पड़ेगा।”