Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज रायबरेली से राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा (Kishori Lal Sharma) को प्रत्याशित घोषित कर दिया है। राहुल और किशोरी लाल दोनों ने ही अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है। कयास यह थे कि राहुल, अमेठी से और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी, लेकिन पार्टी ने अंतिम फैसले से सभी को सरप्राइज किया।
आज रायबरेली और अमेठी दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान हुआ और प्रियंका गांधी का जिक्र नहीं हुआ तो यह सवाल उठने लगे कि क्या प्रियंका गांधी को कांग्रेस चुनावी समर में उतारने के मूड में क्यों नहीं है? इसको लेकर तमाम कयासों के बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश के एक पोस्ट ने नई चर्चा शुरू कर दी है, कि क्या राहुल ने प्रियंका के लिए कोई और प्लान सोच रखा है?
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल के रायबरेली से लड़ने और प्रियंका के चुनाव में न उतरने को जयराम रमेश ने एक सीक्रेट रणनीति बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि राहुल गांधी जी की रायबरेली से चुनाव लड़ने की खबर पर बहुत सारे लोगों की कई राय हैं लेकिन वो राजनीति और शतरंज के मंझे हुए खिलाड़ी हैं और सोच समझकर दांव चलते हैं।
राहुल के लिए सेफ है रायबरेली की सीट!
जयराम रमेश ने अपने बयान में राहुल गांधी के फैसले को रणनीति का हिस्सा बताते हुए कहा कि शतंरज की कुछ चालें अभी भी बाकी हैं, थोड़ा इंतजार कीजिए। जयराम रमेश के इस बयान ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए कुछ और भी सोच रखा है। कांग्रेस पार्टी के आंतरिक सर्वे में रायबरेली को कांग्रेस के लिए सेफ सीट माना गया था।
सूत्र बताते हैं कि सपा से गठबंधन में भी अखिलेश यादव ने यह शर्त रखी थी कि यूपी में राहुल प्रियंका में से एक चुनाव तो जरूर लड़ें, इसीलिए राहुल इसीलिए रायबरेली सीट से लड़ रहे हैं। वहीं अमेठी पर हुआ कांग्रेस पार्टी का सर्वे खतरे के संकेत दे रहा था, जिसके चलते प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनावी समर से दूर रखा गया है।
प्रियंका को सीमित करना ठीक नहीं
जयराम रमेश ने प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर कहा कि प्रियंका पूरे देश में धुआंधार प्रचार कर रही हैं और पीएम मोदी तक के तर्कों को काट रही हैं। इसलिए जरूरी ये था कि वह एक सीट पर सीमिट न रह जाएं। इसके चलते ही उन्हें चुनावों में नहीं उतारा गया है। जयराम रमेश ने सीधे तौर पर यह भी कह दिया कि प्रियंका गांधी तो कोई भी उपचुनाव लड़कर सदन में पहुंच जाएंगी। उन्होंने कहा कि शतरंज की कुछ चालें बाकी हैं, थोड़ा इंतजार करना चाहिए।
ये हो सकता है राहुल का ‘प्लान B’
जयराम रमेश के इस बयान ने यह सवाल उठा दिए हैं कि क्या राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी की सियासत को लेकर कोई नई प्लानिंग कर रखी है? ऐसे में राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि राहुल वायनाड और रायबरेली से अगर चुनाव जीतते हैं, तो वे रायबरेली सीट छोड़कर इस सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव लड़वाकर संसद में पहुंचा सकते हैं, जो कि कांग्रेस और गांधी परिवार के लिए एक सेफ फैसला हो सकता है।