लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बिहार के सभी सियासी दलों की तैयारियां तेज हो चली हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पिछली बार बेहद खराब प्रदर्शन करने वाली राजद इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसीलिए बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव राज्य के मुजफ्फरपुर जिले से मंगलवार को जन विश्वास यात्रा निकालने जा रहे हैं।
मंगलवार 20 फरवरी से शुरू हो शुरू हो रही यह यात्रा एक मार्च तक चलेगी। इस दौरान तेजस्वी यादव बिहार के 33 जिलों में जाएंगे और पब्लिक मीटिंग करेंगे। जनसभाओं के जरिए तेजस्वी यादव बिहार के लोगों को महागठबंधन सरकार के दौरान उनकी पार्टी द्वारा संभाले गए विभागों के काम के बारे में बताएंगे।
जन विश्वास यात्रा को सफल बनाने के लिए राजद की जिला यूनिट्स तैयारियां कर रही हैं। इससे पहले बीते शुक्रवार को तेजस्वी यादव बिहार के सासाराम में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए थे। राजद और कांग्रेस दोनों ही इंडिया गठबंधन का पार्ट हैं और मिलकर लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने जा रहे हैं।
तेजस्वी ने मांगा यात्रा के लिए समर्थन
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोमवार को फेसबुक लाइव के जरिए बिहार के लोगों से जन विश्वास यात्रा के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि बिहार को आगे ले जाने की लिए स्थायित्व की जरूरत है, बार-बार सरकार बदलने से लोकतंत्र शर्मसार होता है। उन्होंने कहा कि जब तक बिहार डेवलप नहीं करेगा, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
नीतीश पर लगातार बोल रहे हैं हमला
तेजस्वी यादव लगातार नीतीश कुमार पर हमला बोल रहे हैं। उन्होंने बीते शुक्रवार को दावा किया था कि नीतीश कुमार ने राजद से गठबंधन करने से पहले उनके माता-पिता से पिछले विश्वासघातों के लिए माफी मांगी थी। तेजस्वी ने बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत आयोजित एक एक रैली को संबोधित करते हुए यह दावा किया था।