Arvind Kejriwal: दिल्ली की मंत्री आतिशी मार्लेना ने सोमवार देर शाम भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। आतिशी ने कहा कि भाजपा ने अरविंद केजरीवाल को एक फर्जी मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कल केजरीवाल की 21 की दिन अंतरिम जमानत समाप्त हुई, जो उनको सुप्रीम कोर्ट से मिली थी और कल ही अरविंद केजरीवाल ने सरेंडर किया और वो तिहाड़ जेल गए।

आतिशी ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी केंद्र शासित भारतीय जनता पार्टी को शांति नहीं मिली। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल की एक कोठरी में रखा गया है, जहां पर कूलर तक की सुविधा नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यह तब है जब दिल्ली का तापमान 48 और 50 डिग्री पहुंच रहा है।

आतिशी ने कहा कि तिहाड़ में कुख्यात क्रिमिनल्स के लिए कूलर की व्यवस्था है, लेकिन दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री को इस तपती हुई गर्मी में कुलर नहीं दिया गया है।

AAP नेता ने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी और एलजी से पूछना चाहती हूं कि आप लोग कितना नीचे गिरोगे? क्या आपकी क्रूरता की कोई सीमा नहीं है। आतिशी ने कहा कि एक ऐसे डायबिटीज के मरीज को, जिसको 30 साल से डायबिटीज है। जिनका वजन कुछ महीनों से लगातार गिर रहा है।

आतिशी ने कहा कि आप (बीजेपी) कोर्ट में खड़ी होकर उनके टेस्ट के लिए उनकी जमानत का विरोध करती है। जबकि वो सरेंडर कर देते हैं।उसके बाद भी उनको एक तपती हुई कोठरी में रखा जाता है। उनको एक कूलर भी नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी को यह कहना चाहती हूं कि दिल्ली की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी। अगर आप अरविंद केजरीवाल को इतना प्रताड़ित करेंगे तो दिल्ली के लोग क्या भगवान भी आपको माफ नहीं करेंगे।

आप मंत्री ने कहा कि इतना ही नहीं, जब केजरीवाल तिहाड़ जेल गए। उनका मेडिकल एग्जामिनेशन हुआ और उन्होंने पहली वेट मशीन पर अपना वजन किया तो उनका वजन 61 किलो निकला तब भारतीय जनता पार्टी प्रशासित तिहाड़ जेल को डर लग गया। उन्होंने कहा कि उनको समझ में आ गया कि अगर यह बात देश-दुनिया के सामने आ गई, कोर्ट के सामने आ गई कि अरविंद केजरीवाल का वजन 61 केजी तक गिर गया है तो स्वाभाविक बात है कि कोर्ट नाराज होगा और जनता भी नाराज होगी।

उन्होंने कहा कि तिहाड़ प्रशासन नहीं युक्ति निकाली, वो एक दूसरी मशीन लेकर आए। उन्होंने फिर से वजन चेक किया। दूसरी मशीन में अरविंद केजरीवाल का वजन 64 किलो निकला। उन्होंने कहा कि इसके बाद बीजेपी शासित तिहाड़ जेल को लगा कि अरविंद केजरीवाल का 21 मार्च के वजन 70 किलो से बहुत कम है। ऐसे में अरविंद केजरीवाल ने जो बात कोर्ट में रखी है, वो सहीं साबित हो जाएगी। इसके बाद तीसरी मशीन लाई गई, जिसमें अरविंद केजरीवाल का वजन 66.05 रिकॉर्ड हुआ। उन्होंने कहा कि बहुत ही जल्द यह बीजेपी की तरफ से बताई जाएगी कि उनको तो वजन घटा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सब बीजेपी शासित तिहाड़ प्रशासन का षडयंत्र है।