कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर निशाना साधा है। शिवकुमार ने शनिवार को पिनराई विजयन को पड़ोसी राज्य के मामलों में हस्तक्षेप न करने की सलाह दी। विजयन ने शुक्रवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मुस्लिम आवासीय क्षेत्रों को कथित तौर पर ध्वस्त किए जाने की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने इस कार्रवाई को चौंकाने वाला और पीड़ादायक बताया था।
विजयन को हमारे राज्य के मामलों में दखल नहीं देना चाहिए- शिवकुमार
विजयन ने एक फेसबुक पोस्ट में फकीर कॉलोनी और वसीम लेआउट को कथित तौर पर बुलडोजर से गिराए जाने का जिक्र किया। यहां मुस्लिम परिवार कई वर्षों से रह रहे थे। उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, “यह सब एक राजनीतिक बयानबाजी है। तथ्यों को जाने बिना पिनराई (विजयन) को हमारे राज्य के मामलों में दखल नहीं देना चाहिए। ये सब चुनाव के समय की राजनीतिक चालें हैं।”
शिवकुमार ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विजयन जैसे वरिष्ठ नेता ने बेंगलुरु में मुद्दों के तथ्यों को जाने बिना इस मामले पर टिप्पणी की। शिवकुमार ने कहा, “कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। यह कचरा फेंके जाने की जगह है। यह एक पत्थर की खदान थी। यह बहुत खतरनाक जगह है। यहां स्वास्थ्य संबंधी कई खतरे हैं और उन्होंने (झुग्गीवासियों ने) अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की। यह भूमि हड़पना है। हमारी सरकार और स्थानीय विधायक ने कहा है कि यह बहुत खतरनाक है।”
‘छह जनवरी को कर्नाटक के सीएम बनेंगे डीके शिवकुमार…’, कांग्रेस विधायक हुसैन के दावे से हड़कंप
डीके शिवकुमार ने इस बात पर जोर दिया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार मानवता आधारित दृष्टिकोण अपनाती है और पात्र लोगों को नियमों के अनुसार वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराएगी।
‘हमारे यहां बुलडोजर संस्कृति नहीं’
शिवकुमार ने कहा, “हमारे यहां बुलडोजर संस्कृति नहीं है। मैं विजयन से अपील करता हूं कि वे इस तरह की बातें न करें। हम तो बस शहर के बीचोंबीच स्थित सरकारी जमीन की रक्षा कर रहे हैं।” विजयन ने एक पोस्ट में कहा था कि जब कोई शासन भय और क्रूरता के बल पर शासन करता है, तो संवैधानिक मूल्य और मानवीय गरिमा सबसे पहले शिकार बनते हैं। पढ़ें डीके शिवकुमार कब बनेंगे सीएम?
