कोरोना वायरस को काबू करने के लिए जहां सरकार काफी गंभीर है, वहीं इसके बावजूद देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। मशहूर सिंगर और बेबी डॉल फेम सिंगर कनिका कपूर के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कनिका कपूर ने लखनऊ में चार पार्टियों में शिरकत की। अब कनिका कपूर के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने पर उन पार्टियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि जिन पार्टियों में कनिका कपूर ने शिरकत कीं, उनमें कई नेता और अफसर भी शामिल हुए। भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उनकी पत्नी निहारिका सिंह और राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी इन पार्टियों में शामिल हुई थीं। कनिका कपूर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर सामने आने के बाद वसुंधरा राजे और दुष्यंत सिंह ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
दुष्यंत सिंह संसद भवन भी गए थेः दुष्यंत सिंह पार्टी में शामिल होने के बाद संसद भवन की कार्यवाही में हिस्सा लेने भी पहुंचे थे। ऐसे में आशंका है कि दुष्यंत सिंह से यह वायरस कई अन्य नेताओं को भी संक्रमित कर सकता है। दुष्यंत सिंह के संपर्क में आने के चलते सांसद अनुप्रिया पटेल, वरुण गांधी, कांग्रेस सांसद दीपेंदर हुड्डा, टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि दुष्यंत सिंह हाल ही में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मिले थे। अब खबर आयी है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी अपना टेस्ट कराएंगे। दुष्यंत और वसुंधरा राजे के अलावा लखनऊ की पार्टियों में यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और कई अफसर भी शामिल हुए थे। ये लोग भी आइसोलेशन में चले गए हैं। कनिका कपूर को फिलहाल लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कनिका 9 मार्च को लंदन से लौटी थीं।
बताया जा रहा है कि कनिका कपूर लखनऊ के ताज होटल में आयोजित हुई एक पार्टी में शामिल हुई। यह पार्टी कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद के ससुर आदेश सेठ ने दी थी। इसी पार्टी में कनिका कपूर वसुंधरा राजे, दुष्यंत सिंह, जयप्रताप सिंह आदि के संपर्क में आयीं थीं। इसके बाद लखनऊ में ही आयोजित हुई अन्य तीन पार्टियों में भी कनिका शामिल हुई। इससे पहले कनिका कानपुर में अपने फैमिली फंक्शन में भी शामिल हुई थीं।

