कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बुधवार शाम उनके खिलाफ “शर्म करो महाराज!” का नया नारा दिया। कांग्रेस का यह नारा मध्यप्रदेश के नवंबर 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रमुख चुनावी नारे “माफ करो महाराज ! हमारा नेता शिवराज” की तर्ज पर है।
इंदौर की शहर कांग्रेस समिति के कार्यालय “गांधी भवन” के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिंधिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपने पूर्व नेता की तस्वीर वाले बैनर के साथ प्रदर्शन किया। इस बैनर पर नारा लिखा था-“शर्म करो महाराज!”। इस बैनर पर “गद्दार” भी लिखा था।विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंधिया की तस्वीर वाले बैनर को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा कई जगहों पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पिंजरा लेकर पुहंचे और उनके खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, मन्दसौर के बालागुड़ा गांव में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर में सिंधिया के चेहरे पर कालिख पोतकर विरोध जताया।
गौरतलब है कि भाजपा ने राज्य के पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान अपने प्रचार अभियान में “माफ करो महाराज ! हमारा नेता शिवराज” का नारा प्रमुखता से इस्तेमाल किया था। भाजपा ने यह चुनावी जंग तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर लड़ी थी, जबकि सिंधिया तब कांग्रेस की राज्य इकाई की चुनाव अभियान समिति के प्रमुख थे।
मन्दसौर के बालागुड़ा गांव में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर में सिंधिया के चेहरे पर कालिख़ पोती।#ScindiaResigns #ScindiaDumpsCongress pic.twitter.com/tGh8gfh80W
— Umashankar Singh उमाशंकर सिंह (@umashankarsingh) March 11, 2020
ग्वालियर के पूर्व राजवंश से ताल्लुक रखने वाले सिंधिया को प्रदेश में उनके समर्थक “महाराज” कहकर सम्बोधित करते हैं।बहरहाल, मौजूदा राजनीतिक हालात में सिंधिया के दलबदल के साथ ही भाजपा के आला नेताओं के सुर भी बदल गये हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने अपने दल में सिंधिया का स्वागत करते हुए भोपाल में संवाददाताओं से कहा,‘‘अगर कांग्रेस नेताओं में कोई सबसे अधिक लोकप्रिय था, तो वह महाराज (सिंधिया) ही थे। इसलिये हमने ‘‘माफ करो महाराज…’’ नारे का उपयोग किया था। लेकिन अब महाराज और शिवराज एक साथ भाजपा में हैं।’’
(भाषा इनपुट्स के साथ)