Jharkhand CM Oath/Swearing-in Ceremony Updates: हेमंत सोरेन ने आज रांची के मोरहाबादी मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। शपथ लेते ही हेमंत सोरेन एक्शन में नजर आए और उन्होंने कैबिनेट मीटिंग की।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु ने हेमंत सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हेमंत सोरेन दूसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने हैं। हेमंत सोरेन के कैबिनेट में आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोग्ता को जगह मिली है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम पाकुड़ सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव लोहरदग्गा सीट से विधायक हैं। राष्ट्रीय जनता दल के सत्यानंद भोग्ता चतरा सीट से विधायक है।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर विपक्षी एकता देखने को मिली। मंच पर कांग्रेस के पूर्व  अध्यक्ष राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व विपक्ष के अन्य बड़े नेता मौजूद थे।

Live Blog

19:11 (IST)29 Dec 2019
केरल के सीएम ने दी बधाई

केरल के सीएम पी.विजयन ने भी ट्वीट कर हेमंत सोरेन को सीएम पद की शपथ लेने पर बधाई दी।

17:11 (IST)29 Dec 2019
हेमंत सोरेन ने बुलायी कैबिनेट मीटिंग

सीएम पद की शपथ लेते ही हेमंत सोरेन एक्शन में दिखाई दिए और उन्होंने आज ही कैबिनेट की मीटिंग बुलायी। 

16:20 (IST)29 Dec 2019
शरद पवार ने दी हेमंत सोरेन को बधाई

एनसीपी चीफ शरद पवार ने झारखंड के सीएम पद की शपथ लेने पर हेमंत सोरेन को बधाई दी। शरद पवार ने ट्वीट कर लिखा कि "हेमंत सोरेन को मेरी शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि राज्य उनके नेतृत्व में तरक्की करेगा। महाराष्ट्र में कुछ राजनैतिक कारणों से मैं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सकूंगा।" बता दें कि शरद पवार शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए थे।

15:34 (IST)29 Dec 2019
झामुमो-कांग्रेस और राजद के गठबंधन को मिली थी जीत

झारखंड विधानसभा चुनावों में झामुमो-कांग्रेस और राजद गठबंधन ने 81 सीटों वाली विधानसभा में 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें झामुमो को 30, कांग्रेस को 16 और राजद को 1 सीट पर जीत हासिल हुई थी।

15:13 (IST)29 Dec 2019
ये नेता हुए शपथ ग्रहण समारोह में शामिल

हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़े नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। इनमें राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, सीपीआई के डी राजा, सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी, बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर, राजद के तेजस्वी यादव आदि नेता शामिल रहे।

14:56 (IST)29 Dec 2019
सत्यानंद भोग्ता ने मंत्री पद की शपथ ली

राजद के सत्यानंद भोग्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शपथ दिलायी

14:33 (IST)29 Dec 2019
आरजेडी को भी मिला मंत्री पद

राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। राजद ने इस चुनाव में एक सीट जीती है।

14:28 (IST)29 Dec 2019
कांग्रेस से आलमगीर आलम बने मंत्री

कांग्रेस की तरफ से विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने मंत्री पद की शपथ ली। आलम पाकुड़ सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। वहीं,  कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव भी मंत्री बने हैं। 

14:27 (IST)29 Dec 2019
हेमंत सोरेन ने ली पद की शपथ

हेमंत सोरेन ने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। रांची को मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

13:59 (IST)29 Dec 2019
हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे

हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण करने के लिए समारोह स्थल पर पहुंच गए हैं। कुछ ही देर बाद वो शपथ लेंगे। 

13:45 (IST)29 Dec 2019
एमके स्टालिन और अखिलेश यादव रांची पहुंचे

डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन,  टीआर बालू, कनिमोझी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव,  हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रांची पहुंच चुके हैं।

13:02 (IST)29 Dec 2019
रांची पहुंच चुकी हैं ममता बनर्जी

सीएम ममता बनर्जी हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रांची पहुंच गई है। उनके अलावा भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान, कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह, अब्दुलबारी सिद्दीकी भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची पहुंच चुके हैं।

12:27 (IST)29 Dec 2019
किसको कितनी मिली थी सीट? यहां जान लीजिए

झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद जेएमएम की अगुवाई वाला गठबंधन 47 सीटों के साथ सबसे बड़े गठबंधन के रूप में उभरा है। बीजेपी को 25 सीटें मिली हैं। महागठबंधन में जेएमएम को 30, कांग्रेस को 16 और राजद को एक सीट मिली है।

12:08 (IST)29 Dec 2019
यह नेता हो सकते हैं शामिल

जेएमएम प्रवक्ता के मुताबिक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और अहमद पटेल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारीक अनवर के साथ ही माकपा महासचिव सीताराम येचुरी तथा अनेक अन्य लोगों की भी कार्यक्रम में आने की सहमति मिल चुकी है।

11:41 (IST)29 Dec 2019
दोपहर 2 बजे शुरू होगा शपथ ग्रहण समारोह

इस बीच राजभवन के सूत्रों ने बताया कि मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण का कार्यक्रम दोपहर दो बजे से लगभग सवा दो बजे तक चलेगा और इस दौरान राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री के अलावा तीन मंत्रियों को शपथ दिलायेंगी।

11:25 (IST)29 Dec 2019
इस फॉर्मूले पर बन सकती है कैबिनेट

हेमंत सोरेन कैबिनेट को लेकर जिस फॉर्मूले को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है उसके तहत यह कयास लगाए जा रहे हैं कि झामुमो से मुख्यंत्री के अलावा 6 मंत्री हो सकते हैं। कांग्रेस को स्पीकर के अलावा चार या पांच मंत्री का पद दिया जा सकता है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल से एक मंत्री या फिर राजद को बोर्ड निगम में भागीदारी दी जा सकती है। इसके अलावा एक और फॉर्मूले की भी अभी चर्चा काफी हो रही है। इसके तहत झामुमो के मुख्यमंत्री के अलावा 5 मंत्री शपथ समारोह में शपथ ले सकते हैं। कांग्रेस को स्पीकर पद के अलावा चार मंत्री पद दिया जा सकता है। राजद से एक मंत्री के अलावा झाविमो से भी एक मंत्री हो सकते हैं।

11:13 (IST)29 Dec 2019
हेमंत सरकार में हो सकते हैं मंत्री

झामुमो से: स्टीफन मरांडी, चंपई सोरेन, जोबा मांझी, जगन्नाथ महतो और मिथिलेश ठाकुर
कांग्रेस से: डॉ रामेश्वर उरांव या आलमगीर आलम, राजेंद्र प्रसाद सिंह, बन्ना गुप्ता, ममता देवी या दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी
राजद से: सत्यानंद भोक्ता