बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज महागठबंधन से नाता तोड़कर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश अपना इस्तीफा सौंपने के लिए राजभवन जाने से पहले रविवार सुबह करीब 10 बजे जेडीयू विधायकों की बैठक को संबोधित कर सकते हैं। सीएम के शाम तक भाजपा के समर्थन से नयी सरकार का गठन किए जाने की संभावना है। बिहार में चल रहे इस सियासी घमासान के बीच JDU MLC नीरज कुमार ने राहुल गांधी को आत्मचिंतन करने की सलाह दी है।

JDU MLC नीरज कुमार ने कहा, ”कांग्रेस पार्टी के राहुल गांधी को पदयात्रा करने का अधिकार है। उस पदयात्रा का जो नतीजा आ रहा है कि बंगाल गए तो ममता बनर्जी दरकिनार हो गईं, बिहार में प्रवेश करने वाले हैं तो यहां राजनीतिक घटनाक्रम बदल रहा है। स्वाभाविक रूप से राहुल गांधी को आत्मचिंतन करना चाहिए कि रणनीति में चूक कहां है कि जहां वो जाते हैं वहां उनके सहयोगी अलग होने लगते हैं।”

आगे जो भी होगा उसका सामना किया जाएगा- RJD नेता

वहीं, बिहार में वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “अब तो जनता भी कह रही है कि देखा है पहली बार ऐसी पलटीमार सरकार। अब जो भी होगा जनता सब देख रही है। नीतीश कुमार के साथ तेजस्वी यादव जब सरकार में उपमुख्यमंत्री बनें, तो 15 महीनों के कामों को कोई नहीं भुला सकता। यह हमारी उपलब्धि है। आगे जो भी होगा उसका सामना किया जाएगा।”

बिहार में महागठबंधन की सरकार गिरने के कगार पर

इस बीच, जेडीयू के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता के सी त्यागी ने स्पष्ट किया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार गिरने के कगार पर है। उन्होंने कांग्रेस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बार-बार अपमान करने का आरोप लगाया। त्यागी ने दिल्ली में संवाददाताओं से यह भी कहा कि उन्हें विपक्ष से काफी सशक्त भाजपा को वास्तविक चुनौती मिलने की कोई संभावना नहीं दिखती।

केसी त्यागी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) टूटने के कगार पर है। पंजाब, पश्चिम बंगाल और बिहार में इसमें शामिल दलों का गठबंधन लगभग खत्म हो चुका है।’’ त्यागी ने कहा कि जिस लक्ष्य और इरादे के साथ जेडीयू अध्यक्ष गैर कांग्रेसी दलों को कांग्रेस के साथ लाये थे, वे उद्देश्य विफल हो गए हैं।