Weather forecast Today: भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि दिल्ली में 139 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो गत 13 साल में अगस्त महीने में 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक बारिश है। आईएमडी ने इसके साथ ही शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई जिससे पारा लुढ़क गया और दिल्ली वालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के लिए मानक माने जाने वाले सफरदजंग वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट से लेकर शनिवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट (24 घंटे की अविध) के बीच 139 मिमी बारिश दर्ज की गई है जबकि रिज केंद्र में 149.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि यह कम से कम 13 साल में पहली बार हुआ है जब अगस्त महीने में एक दिन में इतनी बारिश दर्ज की गई है। अब तक दिल्ली में अगस्त महीने के दौरान एक दिन में सबसे अधिक बारिश होने का रिकॉर्ड 184 मिमी है जो दो अगस्त 1961 को दर्ज की गई था।
अधिकारियों ने बताया कि बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम, 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत है। मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि शनिवार दिन में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
आईएमडी ने दिल्ली के लिए शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जबकि रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश की वजह से मिंटो ब्रिज, मूलचंद अंडरपास और आईटीओ सहित कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है। जलजमाव की वजह से दिल्ली यातायात पुलिस ने कई अंडरपास को बंद कर दिया है और संबंधित जानकारी ट्विटर के माध्यम से लोगों को दे रही है।
दिल्ली में भारी बारिश वजह से वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचंकाक 67 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
लुधियाना में मानसून के दोबारा से सक्रिय होने की वजह से शनिवार सुबह ही बादलों में शहर को अपनी आगोश में ले लिया। सुबह नौ बजे के करीब तेज बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया। सुबह बादलों की वजह से सुबह आठ बजे तापमान भी महज 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पिछले दस दिनों में इस समय तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता था।
गाजियाबाद के कई हिस्सों में पानी भरा हुआ है। कई जगहों पर पानी बाउंड्रीवॉल तोड़ कर सोयासटी में घुस गया है।
और ये गाजियाबाद है https://t.co/M0szdtmS0D— Poonam Pandey (@pandeypoonam20) August 21, 2021
आगरा में मौसम सुहाना हो चुका है। कई दिनों तक गर्मी और उमस के बाद शनिवार को यहां बादल छाए हुए हैं, कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। हवा एकदम ठंडी है, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज तेज बारिश हो सकती है।
भारी बारिश के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। जगह-जगह पानी भर गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं यूपी, हरियाणा, पंजाब सहित देश के कई राज्यों के लिए मौसम विभाग की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में भी लगातार बारिश हो रही है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 23 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण पश्चिम मानसून की हवा ने हिमालय की तलहटियों से निकलकर एक बार फिर हरियाणा का रुख किया है। इसका प्रभाव दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को बादल छाने और हवा चलने के कारण काफी देर तक तो गर्मी कम रही। दोपहर साढ़े 11 बजे बूंदाबांदी भी हुई मगर कुछ देर में रुक गई। 12 बजे के बाद फिर से तेज धूप निकली तो लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। शनिवार सुबह ही बूंदाबांदी और बारिश शुरू हो गई।
हरियाणा में फिर मौसम ने करवट बदली है। 10 दिनों से ज्यादा समय तक बेरुखी के बाद आखिरकार मानसून ने हरियाणा में फिर दस्तक दी है। हिसार, झज्जर, रोहतक समेत हरियाणा के कई जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम खुशनुमा बना हुआ है। गर्मी से लोगों को राहत मिली है।