लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर आज रांची में विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की महारैली हो रही है। यहां से विपक्षी दल पीएम मोदी और बीजेपी पर हमलावर हैं। इस महारैली के दौरान ही दो राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यकर्ता एक दूसरे पर कुर्सी फेंकते और झगड़ते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, रांची में इंडिया गठबंधन की रैली के दौरान यह सामने आया, कि भले ही शीर्ष स्तर पर एक दूसरे के विरोधी रहे नेता मोदी विरोध में एकजुट हो गए हैं, लेकिन जमीन पर कार्यकर्ताओं में अभी भी काफी रोष है। इसके चलते ही राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा हो गया।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच काफी मारपीट देखने को मिली। ये कार्यकर्ता एक दूसरे के ऊपर कुर्सी और लाठी से हमला करते नजर आ रहे हैं। इस घटना में कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। वीडियो में एक शख्स के सिर से खून भी बहता नजर आ रहा है।
आखिर क्यों भिड़े ये कार्यकर्ता
कार्यकर्ताओं के बीच इस टकराव की वजह पर सामने आया कि ये सभी टिकट वितरण और सीट शेयरिंग को लेकर खफा थे। नतीजा ये वे आपस में एक दूसरे पर ही हमला बोलने लगे। बता दें कि चतरा सीट पर विवाद के चलते राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव देखने को मिला। इस सीट से चतरा सीट से केएन त्रिपाठी का विरोध कर रही थी। कांग्रेस से केएन त्रिपाठी को चतरा सीट के लिए नॉमिनेट किया गया था।
गौरतलब है कि झारखंड के रांची में इंडिया ब्लॉक की रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सांसद संजय सिंह और उनकी पत्नी ‘उलगुलान रैली’ में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। वहीं इंडिया ब्लॉक की इस महारैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल नहीं होंगे क्योंकि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई है।
बता दें कि इस रैली में 14 दलों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी नेता फारूक अब्दुल्ला भाग लेंगे। इसके अलावा अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव के साथ टीएमसी से डेरेक ओ’ब्रायन, शिवसेना (यूबीटी) से प्रियंका चतुर्वेदी, सीपीआई (एमएल) से दीपांकर भट्टाचार्य भी रैली में दिखेंगे।