भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। न्यूज 18 इंडिया के एक शो में उन्होंने कहा कि जब हिंदुओं पर हमला होता है तो राहुल गांधी कान में तेल डाल कर सो जाते हैं। उनके हिसाब से हिंदुस्तान ‘लिंचिस्तान’ है।
गाजियाबाद की घटना को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि दुनिया भर में ये साजिश हो रही है कि हिन्दुस्तान ‘लिंचीस्तान’ कहकर बदनाम किया जाए। इस साजिश में कांग्रेस पार्टी भी शामिल है। इस वीडियो के माध्यम से हिंदुओं को बदनाम करने का प्रयास किया गया। बताते चलें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गाजियाबाद में एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति की पिटाई के मामले पर मंगलवार को कहा था कि ऐसी क्रूरता समाज और धर्म दोनों के लिए शर्मनाक है।
आज ये हिन्दुस्तान ‘लिंचीस्तान’ हो गया ये राहुल गॉंधी ने कहा था- डॉ संबित पात्रा, BJP#DangaGangExposed #AarPaar @AMISHDEVGAN @sambitswaraj pic.twitter.com/NZAYVRTlbi
— News18 India (@News18India) June 16, 2021
राहुल गांधी ने इस घटना से संबंधित एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया था ‘‘मैं ये मानने को तैयार नहीं हूं कि श्रीराम के सच्चे भक्त ऐसा कर सकते हैं। ऐसी क्रूरता मानवता से कोसों दूर है और समाज व धर्म दोनों के लिए शर्मनाक है।’’
राहुल गांधी के उस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पलटवार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर समाज में जहर फैलाने का आरोप लगाया था और कहा था कि कांग्रेस नेता उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित करना बंद करें।
योगी आदित्यनाथ ने उनके ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा था, ‘‘प्रभु श्री राम की पहली सीख है-“सत्य बोलना” जो आपने कभी जीवन में किया नहीं। शर्म आनी चाहिए कि पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के बाद भी आप समाज में जहर फैलाने में लगे हैं। सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित करना, उन्हें बदनाम करना छोड़ दें।’’
