काफी समय से भीषण गर्मी का सामना कर रहे दिल्ली सहित उत्तर भारत के लोगों को अब राहत मिल जाएगी। यहां के ज्यादातर हिस्सों में मानसून एक दिन के भीतर सक्रिय हो जाएगा। पूर्वी हवाओं ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बना दी हैं और इसके एक दिन के भीतर दिल्ली, हरियाणा व पंजाब सहित उत्तर भारत के हिस्सों में छाने की संभावना है।
इस बीच मानसून के इंतजार में उमस से बेहाल राजधानी के लोग पसीने से तरबतर रहे। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री की बढ़त के साथ 39.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री अधिक है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर की पूर्वी हवाएं उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ गई हैं और शनिवार को दिल्ली, हरियाणा तथा पूर्वी राजस्थान तक पहुंच रही हैं।
आइएमडी ने कहा है कि अगले 24 घंटे के दौरान स्थितियां दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों व पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान के कुछ और हिस्सों के ऊपर दक्षिण-पश्चिमी मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी रहेंगी। इसने कहा कि अगले 36-48 घंटों के दौरान देश के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून के और आगे बढ़ने के लिए भी स्थितियां अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने मानसूनी हलचल तेज होने की भविष्यवाणी की है। जानकारी के मुताबिक, मानसूनी हवाएं हरियाणा की तरफ तेजी से बढ़ रही हैं।
मौसम विज्ञानियों की मानें तो 10 जुलाई के बाद बारिश होने के पूरे-पूरे आसार हैं। दक्षिण पश्चिमी मानसून में बारिश के पिछले आठ वर्षों के आंकड़ों को देखें तो पांच बार बारिश सामान्य से अधिक हुई है। इस बार भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं। मध्यप्रदेश में जुलाई का पहला सप्ताह लगभग सूखा बीता जा रहा है।
रविवार को भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर भी शुरू हो सकता है। पिछले दो दिन से राजधानी दिल्ली में बादल तो आ रहे हैं, लेकिन बरस नहीं रहे हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने लगी हैं। वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर तीन ‘वेदर सिस्टम’ बने हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण सुबह से घने बादल छाए रहे। दोपहर में उत्तर भारत के कई हिस्सों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन बौछारें नहीं पड़ीं। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल किया है। लेकिन अब झमाझम बारिश के मिल रहे संकेत से मौसम बदलेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी में भारी बारिश के आसार हैं।