IMD Weather Update: उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली में गुरुवार को मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। पंजाब, झारखंड और बिहार में के कई शहरों में घने कोहरे और शीत लहर के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड की वजह से ट्रेनें और फ्लाइट्स भी लेट चल रही हैं।

दिल्ली में ठंड के चलते Orange Alert

दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। यह इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में शुक्रवार को भी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी जिसके चलते दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने उत्तर भारत में अगले दो दिन में 2 से 4 डिग्री तक न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए गुरुवार और शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था।

दिल्ली में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर बढ़ने के कारण आश्रय गृहों में बेघर लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के सदस्य विपिन राय ने बताया कि हमारे पास 197 स्थायी आश्रय गृह हैं। सर्दी के कारण हम दिल्ली में 250 टेंट लगाते हैं, 190 लगा दिए हैं। हम लोगों को गद्दे, कंबल और शौचालय के अलावा सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का खाना भी देते हैं। उनके स्वास्थ्य की भी व्यवस्था है।

8 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट (Flights Delayed)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित भारत के उत्तरी और मध्य भागों में खराब मौसम के चलते शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट्स का संचालन बाधित हुआ और आठ से अधिक उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई।

Bikaner में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस

उत्तर भारत में चल रही शीत लहर के बीच, राजस्थान के बीकानेर में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चूरू में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश के नौगोंग, छतरपुर जिले में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ में Cold Day की चेतावनी

पंजाब में घने कोहरे और शीत लहर के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में शीतलहर के साथ-साथ शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शीतलहर का प्रकोप बरकरार है। मौसम विभाग ने 8 जनवरी 2023 की सुबह तक कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश ने बताया कि अगले तीन दिन सुबह और रात में कोहरा रहेगा। तीन दिन के बाद तापमान में इजाफा होने की संभावना है।

पहाड़ों पर Snowfall

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 7 जनवरी, 2023 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के कारण मध्य प्रदेश में भी ठंड बढ़ गयी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश के छह संभागों और 14 जिलों में मध्यम से घने कोहरे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।