शनिवार को दिल्ली और एनसीआर में मौसम साफ रहा, जिससे लोगों को प्रदूषण में कुछ राहत मिली। दिन में धूप निकलने से तापमान में इजाफा हुआ। हालांकि रात का तापमान कम रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था, जबकि अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.1 डिग्री ज्यादा था। नमी का स्तर 93 से 39 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड किया गया।

आज की ताजा खबर | Delhi News Updates

उधर, हिमाचल प्रदेश के डलहौजी और चंबा जिले में मौसम ने करवट ले ली। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई, जबकि निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। तीसा-भरमौर, पांगी और डलहौजी के पहाड़ी इलाकों में ताजा हिमपात के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है।

Rashifal: अपना राशिफल जानने के लिए यहां क्लिक करें

लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और मौसम को देखते हुए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

Live Updates
14:02 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी से चार इंच तक बर्फ जमा

जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को भी बारिश हुई। इससे निचले इलाकों में जगह-जगह पानी भर गया और ठंड बढ़ गई। गुलमर्ग में बर्फबारी से चार इंच तक बर्फ जमा हुई।

13:57 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: गुजरात के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर

गुजरात में लगातार तापमान बढ़ रहा है। हाल यह है कि राज्य के अधिकतर जिलों में गर्मी का प्रकोप तेज हो गया है और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है।

13:44 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: हिमाचल प्रदेश में 25 को होगी तेज बारिश और बर्फबारी

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 25 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होगी। राज्य में रात के तापमान में गिरावट आई है

13:32 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान गिरा

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को तापमान में कुछ कमी आई। नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, गुना, खंडवा, रायसेन, खरगोन, रतलाम, खजुराहो, नरसिंहपुर और उमरिया समेत कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा।

11:57 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: उत्तराखंड में बर्फबारी से ठंड बढ़ी

उत्तराखंड में हाल ही में हुई तेज बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। सुबह-शाम तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि धूप निकलने पर गर्मी का अहसास हो रहा है।

11:41 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा सुबह के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

10:12 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: मधुबनी सबसे गर्म, सहरसा सबसे ठंडा जिला

बिहार में मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। पिछले 24 घंटे में मधुबनी सबसे गर्म रहा। वहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सहरसा में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे यह सबसे ठंडा जिला रहा।

09:04 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में तूफान और भारी बारिश की चेतावनी

नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में तूफान और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तेज हवाओं के चलते कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग राज्यों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है।

08:32 (IST) 22 Feb 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली- एनसीआर में मौसम सुहाना

देशभर के कई राज्यों में मौसम ने फिर करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में बीते दो दिनों की बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से अभी और बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आज कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।