दिल्ली में मार्च के महीने में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। होली के दिन हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद शनिवार को भी मौसम में ठंडक महसूस की गई और तेज हवाएं चलीं। हालांकि, बारिश के बावजूद तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का उच्चतम स्तर रहा। दक्षिण-पूर्वी हवाओं की धीमी गति और हल्की बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 15 मार्च को भी हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। उधर, कश्मीर के सोनमर्ग में ताजा बर्फबारी हुई है। यह अब भी बर्फ की मोटी चादर से ढका हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज राजधानी का आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे दिनभर ठंडक बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी गई, जबकि अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से किसी विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

ढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स

Live Updates
14:12 (IST) 14 Mar 2025
Madhya Pradesh ka Mausam LIVE: उज्जैन में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज

मध्य प्रदेश के उज्जैन में 17 डिग्री, जबलपुर में 17.4, ग्वालियर में 18.9, इंदौर में 19.9 और भोपाल में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

13:55 (IST) 14 Mar 2025
Himachal Pradesh ka Mausam LIVE: माइनस में पहुंचे तापमान, कुकुमसेरी सबसे ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में हिमाचल के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है, जहां कई स्थानों पर तापमान माइनस में चला गया। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी -5.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, केलंग में -5.7 डिग्री, ताबो में -3.4 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में -0.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

13:40 (IST) 14 Mar 2025
Himachal Pradesh ka Mausam LIVE: बर्फबारी से बढ़ी ठंड, ऊंचाई वाले इलाकों में गिरा तापमान

हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते ठंड में भारी इजाफा हुआ है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊपरी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीती रात इन क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही, जिससे सर्दी का असर और गहरा गया। वहीं, मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप निकलने से हल्की गर्माहट बनी हुई है, लेकिन रात को ठंडक महसूस की जा रही है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे मौसम में अजब-गजब बदलाव देखने को मिल रहा है।

13:20 (IST) 14 Mar 2025
Uttarakhand ka Mausam LIVE: तेज हवाओं के साथ बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और यह चार डिग्री चढ़कर 16.1 डिग्री पर पहुंच गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी यही स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 मार्च तक प्रदेशभर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक लौट सकती है।

11:52 (IST) 14 Mar 2025
Uttarakhand ka Mausam LIVE: पहाड़ों में फिर लौट सकती है ठंड

उत्तराखंड के मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं, जिससे पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर ठंड लौट सकती है। बीते कुछ दिनों से मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे गर्मी का असर साफ महसूस किया गया।

10:56 (IST) 14 Mar 2025
MP ka Mausam LIVE: होली के बाद मध्य प्रदेश में तेज होगी गर्मी

मध्य प्रदेश में होली के बाद गर्मी के तेवर और तीखे होने वाले हैं। अगले दो दिनों में दिन का तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात का तापमान 19-20 डिग्री के आसपास रहेगा। हालांकि, अगले हफ्ते से प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू होने की संभावना है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार को खजुराहो में इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

10:40 (IST) 14 Mar 2025
Bihar ka Mausam LIVE: बारिश दे सकती है हल्की राहत, लेकिन फिर चढ़ेगा पारा

बिहार में अगले दो दिनों तक गर्मी और बढ़ने के संकेत मिले हैं, जिससे लोगों को भीषण तपिश का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, 16 मार्च को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जो कुछ समय के लिए राहत दे सकती है। लेकिन इसके बाद तापमान में और तेजी से बढ़ोतरी की आशंका है, जिससे आने वाले हफ्तों में लू का प्रभाव और खतरनाक हो सकता है।

10:04 (IST) 14 Mar 2025
Bihar ka Mausam LIVE: बिहार में गर्मी ने दिखाए कड़े तेवर, लू का खतरा बढ़ा

मार्च के मध्य में ही तेज धूप और बढ़ते तापमान ने बिहार के लोगों को गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में लू का प्रचंड असर देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे गर्मी और तीखी होने की संभावना है। इस बार अप्रैल और मई में स्थिति और गंभीर हो सकती है, जहां तापमान नए रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

09:54 (IST) 14 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: झारखंड और ओडिशा में हीटवेव, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में लू के आसार

देश के कई राज्यों में मौसम बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज से तीन दिन तक झारखंड में भी हीटवेव का अलर्ट है। ओडिशा में भी इस हफ्ते हीटवेव जैसे हालात रहेंगे। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में लू भी चल सकती है।