कांग्रेस के रफाल सौदे में भ्रष्टाचार के आरोपों पर बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह ने जवाब दिया है। अमित शाह ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रफाल विमान खरीद में पूरी पारदर्शिता रखी गयी है और सौदे से जुड़ी जानकारी सुप्रीम कोर्ट को दे दी गयी है। विमान की कीमतों को सार्वजनिक नहीं करने पर अमित शाह ने कहा कि विमान बनाने वाली कंपनी के साथ कुछ गोपनीय समझौते हैं। जिनका पालन करना अनिवार्य है। अगर रफाल की कीमतों का खुलासा हो जाएगा तो कंपनी अपना माल दूसरे देशों को मंहगा करके कैसे बेचेगी। इसके अलावा विमान किन तकनीक और हथियारों से लैस है इसकी पूरी जानकारी बाहर आ जाएगी। ये सारी बातें अमित शाह ने एबीपी न्यूज़ चैनल के एक कार्यक्रम में कहीं।

कार्यक्रम में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि रफाल की कीमत को लेकर कांग्रेस तरह-तरह की अफवाहें फैला रही है। जबकि, वास्तविक स्थिति आरोपों से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि अनिल अंबानी की कंपनी को ठेका दिलाने के आरोप हमेशा लगाए जाते हैं, जबकि विमान भारत में नहीं बल्कि देश से बाहर बनने वाले हैं। ऐसे में सरकार अनिल अंबानी को कैसे ठेका दिला सकती है। कांग्रेस लोगों को वास्तविक स्थिति से गुमराह कर रही है। शाह ने कहा कि सरकार ने रफाल डील से जुड़ी सारी जानकारी सुप्रीम कोर्ट को दे दी है, कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट पर कम से कम भरोसा रखना चाहिए।

अमित शाह ने इस दौरान सीबीआई में उपजे ताजा विवाद को लेकर भी अपनी राय जाहिर की। देश की संस्थाओं पर सरकार के दबाव के आरोपों पर सफाई देते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि सीबीआई में ताजा विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार ने मामले में तुरंत सज्ञान लिया और मामले में आरोपी दोनों अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया तथा सीवीसी को जांच का पूरा जिम्मा दे दिया। अब यह मामला अदालत में है। शाह ने सीबीआई मामले में भी कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आरोप तर्कसंगत नहीं हैं। रफाल से जुड़े मामले में पीआईएल पहले से दाखिल थी। लेकिन, कांग्रेस भ्रम फैला रही है कि सीबीआई के अधिकारी इस मामले की तफ्तीश में जुटे थे, लिहाजा उन्हें छुट्टी पर भेज दिया गया। मगर राहुल गांधी को समझना होगा कि सुप्रीम कोर्ट में कोई मामला चलता है तो सीबीआई उसकी जांच नहीं कर सकती।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि रफाल मामले में पार्टी को कोई भी दिक्कत नहीं होगी। सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उसके बाद हम जनता के सामने कांग्रेस से पूछेंगे कि किस आधार पर उसने झूठ फैलाया।