कर्नाटक के बेंगलुरु में मंगलवार को हुई बैठक के बाद विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम INDIA रखने का फैसला लिया गया है। इस घोषणा के बाद असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा था। जिसके बाद कांग्रेस ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ‘इंडिया’ शब्द में औपनिवेशिक मानसिकता की झलक नजर आने की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बतानी चाहिए जिन्होंने स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे कई नाम सरकारी कार्यक्रमों को दिए हैं।
कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने ट्विटर पर एक वीडियो भी साझा किया जिसमें प्रधानमंत्री मोदी एक चुनावी जनसभा में वोट फॉर इंडिया की अपील करते सुने जा सकते हैं। विपक्ष के 26 दलों ने अगले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछाने का आगाज करते हुए मंगलवार को इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (INDIA) नाम से नए गठबंधन की घोषणा की।
हमें खुद को औपनिवेशिक विरासतों से मुक्त करने की कोशिश करनी चाहिए- असम सीएम
दरअसल, विपक्षी दलों की घोषणा के बाद सीएम सरमा ने ट्वीट कर कहा था कि हमारा सभ्यता से जुड़ा संघर्ष इंडिया और भारत के इर्द-गिर्द केंद्रित है। अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा। हमें खुद को औपनिवेशिक विरासतों से मुक्त करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने लिखा था कि हमारे पूर्वज भारत के लिए लड़े और हम भारत के लिए काम करते रहेंगे।
असम के मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर बायो में भी इंडिया हटाकर भारत जोड़ा है। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री असम, इंडिया’ की जगह ‘मुख्यमंत्री, असम, भारत’ कर दिया।
असम के मुख्यमंत्री को अंगूर खट्टे होने का अहसास हो रहा- जयराम रमेश
हिमंता बिस्वा सरमा के इस बयान को लेकर जयराम रमेश ने बुधवार को ट्वीट किया,, “क्या असम के मुख्यमंत्री को अंगूर खट्टे होने का अहसास हो रहा है? उनके नए गुरु मोदी जी ने हमें स्किल इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे नाम दिए। उन्होंने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से टीम इंडिया के रूप में मिलकर काम करने को कहा है। उन्होंने वोट फॉर इंडिया की अपील भी की।”
जयराम रमेश ने कहा कि जब 26 राजनीतिक दल अपने गठबंधन को ‘इंडिया’ कहते हैं, तो वह नाराज़ हो जाते हैं और कहते हैं कि इंडिया का उपयोग औपनिवेशिक मानसिकता को दर्शाता है। उन्हें जाकर अपने बॉस को यह बात बतानी चाहिए। वहीं, कांग्रेस नेता मनिकम टैगोर ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह किसके खिलाफ हैं क्योंकि पीएम मोदी ने डिजिटल इंडिया, न्यू इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया के बारे में बताया है।