हिमाचल प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के बागी विधायकों ने बीजेपी के पक्ष मे क्रॉस वोटिंग की। इसके बाद से कांग्रेस के 6 बागी 3 निर्दलीय समेत कुल 11 विधायक चंडीगढ़ में थे लेकिन वे अब बीजेपी शासित राज्य उत्तराखंड में डेरा डाल चुके हैं। कांग्रेस विधायक शुक्रवार को ही देहरादून आ गए थे। ये सभी जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर उतरे, जहां से वे कड़ी सुरक्षा के बीच हिमाचल प्रदेश के दो भाजपा विधायकों के साथ ऋषिकेश से लगभग 35 किमी दूर सिंगटाली के रिसॉर्ट के लिए रवाना हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के ग्यारह विधायक राज्य में राजनीतिक संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित उत्तराखंड में डेरा डाले हुए हैं, जो कि कांग्रेस की सुक्खू सरकार के लिए एक बड़ा संकट है। गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान ने हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को तलब किया है, जिसके बाद बागी विधायकों का उत्तराखंड जाना एक बड़ा डेवेलपमेंट माना जा रहा है।
बता दें कि राज्यसभा चुनाव में हार के बाद हिमाचल में शुरू हुए सियासी घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहली बार दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ मुलाकात की थी। उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा से मुलाकात की।
ऋषिकेश भी गए थे विधायक
जानकारी के मुताबिक सभी 11 विधायक ऋषिकेश के ताज होटल में ठहरे हुए थे। इस बीच रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि विधायकों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए हरियाणा पुलिस के जवान होटल पहुंचे थे। बता दें कि 6 बागियों और तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। इसके चलते ही कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी चुनाव हार गए थे और बीजेपी प्रत्याशी हर्ष महाजन चुनाव हार गए थे।
नतीजों के बाद कांग्रेस ने कहा था कि वह इस बात की जवाबदेही तय करेगी कि क्रॉस वोटिंग की अनुमति क्यों हुई। इसके बाद पार्टी ने 6 विधायकों को अयोग्य करार दिया था। स्पीकर ने इस कदम के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
