हिमाचल प्रदेश में जमकर बारिश हो रही है। इस बीच कुल्लू, मंडी, कांगड़ा में भारी बारिश के कारण बादल फटने की घटना सामने आई है। इसकी वजह से यहां पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हिमाचल में चार जगह पर बादल फटने की घटना सामने आई है। वहीं दो लोगों की मौत भी हो गई है। कांगड़ा में एक हाइड्रो प्रोजेक्ट के पास खड्ड में फ्लैश फ्लड आ गया। इसकी वजह से करीब 20 मजदूर पानी में बह गए, जिसमें से दो के शव बरामद हो गए हैं।
अस्थाई शेड में रह रहे थे मजदूर
सभी मजदूर वहां पर बने अस्थाई शेड में रह रहे थे। वहीं धर्मशाला के लूंगटा में पॉवर प्रोजेक्ट के पास भी अचानक बाढ़ आ गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। जहां-जहां हिमाचल में बारिश के कारण स्थिति खराब हुई है, वहां पर राहत बचाव की टीम मौके पर मौजूद है। एसडीआरएफ की टीम भी लोगों को रेस्क्यू करने में जुटी हुई है। कई जगहों पर सड़के भी टूट गई हैं, जिससे बचाव कार्य में देरी हो रही है।
पहाड़ों पर अचानक बादल फट गया, जिसके बाद कई इलाकों में बाढ़ आ गई। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को कुल्लू जिले में अलग-अलग चार जगहों पर बादल फटा। सैंज के जीवानाला, गड़सा के शिलागढ़, मनाली के स्नो गैलरी और बंजार के होरनगढ़ और धर्मशाला के खनियारा में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। कई गाड़ियां भी पानी में बह गई है।
आपातकाल के 50 साल: दो मिनट का मौन और… मोदी सरकार की कैबिनेट बैठक में क्या-क्या हुआ?
दो हजार से अधिक पर्यटक फंसे
हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के कारण सैंज घाटी के शैंशर, शांघड़ और सुचैहन पंचायत में 150 से अधिक पर्यटकों के वाहन फंसे हुए हैं। इसके अंदर करीब 2000 लोग हैं और वह भी वहां फंसे हुए हैं। दरअसल बारिश के कारण कई सड़कें टूट गई है और बाहर निकलने का रास्ता नहीं है। लाहौल में भी दो दर्जन से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 171 सड़के टूटी हुई है जबकि 550 से अधिक बिजली के ट्रांसफार्मर ध्वस्त हो गए हैं। दिल्ली और शिमला के बीच बुधवार को दो उड़ानें भी रद्द हो गई। शिमला और कुल्लू के लिए कोई भी उड़ान नहीं हुई।