Kalpana Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने राजनीति में कदम रख दिया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने कल्पना को गांडेय विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। कल्पना सोरेन वैसे तो चुनावी रैलियों में दिख रही थीं, लेकिन क्या वो चुनावी राजनीति में उतरेंगी, इसको लेकर चर्चा जोरों पर थी। अब उनकी उम्मीदवारों के ऐलान के बाद तस्वीर बिल्कुल साफ हो गई है। इस सीट पर 20 मई को मतदान होगा।
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2024 और गांडेय विधानसभा उपचुनाव 2024 में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशियों की अंतिम सूचि जारी की जाती है। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से समीर मोहन्ती चुनाव लड़ेंगे, जबकि गांडये विधानसभा सीट से कल्पना सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है।
उम्मीदवारी के ऐलान से पहले ही कल्पना सोरेन ने गांडेय विधानसभा सीट से अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। यह सीट झारखंड के गिरिडीह जिले के अंतर्गत आती है। पिछले दिनों वहां कल्पना ने जेएमएम के कार्यकर्ता सम्मलेन को भी संबोधित किया था।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से पहले ही कल्पना सोरेन के नाम की चर्चा ने झारखंड की सियासत में जोर पकड़ लिया था। ईडी द्वारा सोरेन की गिरफ्तारी की बाद कयास लगाए जा रहे थे कि अब राज्य कल्पना सोरेन राज्य की सीएम हो सकती हैं। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं और चंपई सोरेन को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया।
कौन हैं कल्पना सोरेन?
हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि से नहीं हैं और मूल रूप से ओडिशा के मयूरभंज जिले की रहने वाली हैं। कल्पना सोरेन का जन्म 1976 में रांची में हुआ था। उनके पिता एक व्यवसायी हैं और उनकी मां एक गृहिणी हैं। कल्पना की शादी 7 फरवरी 2006 को हेमंत सोरेन से हुई। कल्पना और हेमंत सोरेन के दो बच्चे हैं, जिनका नाम निखिल और अंश है। कल्पना बिजनेस और चैरिटी के काम से जुड़ी हैं।
कल्पना सोरेन की शिक्षा?
भारतीय सेना के रिटायर्ड अधिकारी अम्पा मुर्मू की पहली संतान कल्पना सोरेन की शुरुआती पढ़ाई बारीपदा के केंद्रीय विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने भुवनेश्वर के एक कालेज से बी-टेक की पढ़ाई की। बिजनेस मैनेजमेंट में रुचि के कारण उन्होंने एमबीए की भी डिग्री ली। झारखंड में उनकी पहचान एक बिजनेस वूमेन और समाजसेविका के तौर पर भी है। वे रांची में एक प्ले स्कूल की संचालिका हैं और एक निजी कंपनी की निदेशक भी हैं। इसके साथ ही जैविक खेती में भी उनकी रुचि है और वह उसके लिए भी काम करती हैं। वह महिला एवं बाल सशक्तिकरण के कार्यक्रमों में भी नियमित रूप से शामिल होती हैं।
कितनी संपत्ति की मालकिन हैं कल्पना सोरेन?
Myneta.com पर 2019 में दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, कल्पना सोरेन के पास अलग-अलग बैंकों में उनके बैंक अकाउंट्स में 2,55,240 रुपये है। वहीं पोस्ट ऑफिस अकाउंट में 6 लाख 79 हजार 873 रुपये हैं। LIC और ICICI की 24 लाख रुपये की पॉलिसीज हैं। उनके नाम पर एक मारुति सियाज कार भी है। कल्पना सोरेन के पास 24,85,000 रुपये कीमत की 655 ग्राम गोल्ड ज्वैलरी है। करीब 9 लाख रुपये से ज्यादा की 20 किलो चांदी है। कल्पना के नाम पर 3 कॉमर्शियल बिल्डिंग भी हैं। एफिडेबिट में जिनकी कुल कीमत 4,87,00,000 रुपये बताई गई है।