Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024: हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए इंडियन नेशनल लोकदल और बहुजन समाज पार्टी के बीच में अलायंस हो गया है। चंडीगढ़ में बसपा नेता आकाश आनंद और इनेलो नेता अभय चौटाला ने इसका ऐलान किया। इन दोनों पार्टियों के गठबंधन पर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच में मुकाबला है और वोट काटने वालों की कोई भी जगह नहीं है।
हरियाणा कांग्रेस की तरफ से भारतीय जनता पार्टी के 10 साल के कार्यकाल के खिलाफ एक चार्जशीट तैयार की गई है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा मांगे हिसाब नाम की चार्जशीट में सरकार के सामने 15 सवाल रखे हैं। इन सारे सवालों तक लोगों तक पहुंचाया जाएगा। अगले कुछ हफ्तों में एक-एक घर में विफलाताओं के पुलिंदे पहुंचाएंगे।
अपना संकल्प घर-घर लेकर जाएंगे- दीपेंद्र सिंह हुड्डा
कांग्रेस नेता ने कहा कि हम हरियाणा मांगे हिसाब की चार्जशीट घर-घर लेकर जाएंगे और अपने संकल्प घर-घर लेकर जाएंगे बल्कि लोगों से इस बार सुझाव भी लिए जाएंगे। उनके प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार आई तो उनकी क्या आशाएं और क्या उम्मीदें होगी। हम जनता का मेनिफेस्टों बनाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने ही कहा था कि हमें अपने घोषणा पत्र में लोगों की प्रतिक्रियाएं भी शामिल करनी चाहिए और इसी आधार पर मेनिफेस्टों को तैयार किया जाना चाहिए।
वहीं, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा मांगे हिसाब कार्यक्रम विधानसभा इलेक्शन के लिए बनाया गया है। बीजेपी और जेजेपी सरकार ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। इस कार्यक्रम के 3 उद्देश्य हैं। पहला लोगों को इस सरकार की विफलता के बारे में बताना। दूसरा लोगों की मानसिकता और अपेक्षाओं के बारे में जानना और उनकी प्रतिक्रिया लेना और तीसरा हमारे संकल्प लोगों तक पहुंचें।
आकाश आनंद ने बीजेपी और कांग्रेस पर बोला हमला
बहुजन समाज पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर और मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने इनेलो और बसपा के बीच में गठबंधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की अब तक की सरकारों ने हरियाणा की जनता के साथ सिर्फ धोखा किया है। युवाओं के पास रोजगार नहीं, किसानों के पास फसलों का सही दाम नहीं, मां-बहनों को सुरक्षा नहीं और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। इस नाकाम सरकार को अब बदलने का वक्त आ गया है। अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में ये गठबंधन हरियाणा की जनता को मायावती की दिखायी हुई शासन, प्रशासन और अनुशासन वाली मजबूत सरकार देगा।