Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा में 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पूरे चुनाव के दौरान चर्चा में बनी रही। अब बड़ा सवाल यह उठा रहा है कि भाजपा यहां पर जीत की हैट्रिक लगा पाएगी या नहीं? पिछले दो चुनाव से यहां पर भाजपा ने जीत हासिल की है।
जींद विधानसभा सीट से बीजेपी ने वर्तमान विधायक कृष्णलाल मिड्ढा को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं दुष्यंत चौटाला की जेजेपी ने धर्मपाल प्रजापत को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने महाबीर गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। जींद विधानसभा सीट कभी आईएनएलडी का गढ़ मानी जाती थी लेकिन 2014 के उपचुनाव से यहां पर बीजेपी जीत हासिल कर रही है।
2019 में बीजेपी को मिली थी जीत
2019 के विधानसभा चुनाव में जींद विधानसभा सीट से बीजेपी ने कृष्ण लाल मिड्ढा को उम्मीदवार बनाया था तो वहीं कांग्रेस ने अंशुल सिंगला और जेजेपी ने महावीर गुप्ता को उम्मीदवार बनाया था। बीजेपी को यहां पर 58,370 वोट मिले थे जबकि जेजेपी को 45,862 वोट मिले थे। कांग्रेस उम्मीदवार को 7,958 मिले थे। इस प्रकार से बीजेपी की 12,508 वोटों से जीत हुई थी।
पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
कांग्रेस | अंशुल सिंगला | 7,958 | हारे |
जेजेपी | महावीर गुप्ता | 45,862 | हारे |
बीजेपी | कृष्ण लाल मिड्ढा | 58,370 | जीते |
उपचुनाव में बीजेपी की हुई थी जीत
2019 में ही जींद विधानसभा सीट से विधायक रहे आईएनएलडी नेता हरि चंद मिड्ढा का निधन हो गया था। इसके बाद यहां पर उपचुनाव हुआ। भाजपा ने कृष्ण लाल मिड्ढा को उम्मीदवार बनाया। वहीं जेजेपी ने दिग्विजय चौटाला को, जबकि कांग्रेस ने अपने कद्दावर नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को उतारा था। बीजेपी को 50,578 वोट मिले थे जबकि दिग्विजय सिंह चौटाला को 37,648 वोट मिले थे। वहीं सुरजेवाला तीसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें 22,742 वोट मिले थे। इस प्रकार से यहां पर भाजपा की उपचुनाव में जीत हुई थी।
पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
जेजेपी | दिग्विजय चौटाला | 37,648 | हारे |
कांग्रेस | रणदीप सिंह सुरजेवाला | 22,742 | हारे |
बीजेपी | कृष्ण लाल मिड्ढा | 50,578 | जीते |
2014 के विधानसभा चुनाव में जींद विधानसभा सीट से आईएनएलडी के हरिचंद मिड्ढा ने जीत हासिल की थी। वहीं भाजपा दूसरे नंबर पर रही थी जबकि तीसरे नंबर पर कांग्रेस रही थी।