हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों ने एकबार फिर चौंकाने का काम किया है। तमाम राजनीतिक पंडितों की भविष्यवाणी और दावे धरे के धरे रह गए। आज सुबह जब मतगणना शुरू हुई तो शुरुआती 2 घंटे पूरी तरह से कांग्रेस के पाले में रहे थे, क्योंकि कांग्रेस पार्टी रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर गई थी, लेकिन बीजेपी न शानदार कमबैक किया और पार्टी अब बहुमत का आंकड़ पार कर चुकी है। बीजेपी लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने की तैयारी में है।

कांग्रेस के लिए कैसे बदले हालात

शुरुआती रुझानों में जब कांग्रेस को बहुमत मिल गया था तो कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में यहां तक कि दिल्ली में स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाना शुरू कर दिया, लेकिन जब तस्वीर बदली तो कांग्रेस के खेमे में नजारा ही बदल गया। सारा जश्न एकदम सन्नाटे में तब्दील हो गया। दिल्ली में स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर अचानक सन्नाटा पसर गया और सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घर लौट गए। सभी नेता मुख्यालय में जाकर बैठ गए और ढोल वालों को वापस भेज दिया गया।

बिना बजाए वापस लौटे ढोल वाले

सोशल मीडिया पर ढोल वालों का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें ढोल वाले कांग्रेस मुख्यालय से बाहर जाते दिख रहे हैं। किसी शख्स ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो बनाने वाले ने उन ढोल वालों से पूछा कि क्या हुआ आप लोग जा रहे हो क्या? तो ढोल वालों ने जवाह दिया कि हां हमारे पेमेंट हो गई अब हम जा रहे हैं। जब उनसे वजह पूछी गई तो उन्होंने बताया कि यहां कुछ सीटें आई नहीं इसलिए हमें जाने के लिए कहा गया है।

कांग्रेस के बड़े नेता पहुंच गए थे कांग्रेस मुख्यालय

आपको बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर को 90 सीटों के लिए वोट डाले गए थे। वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू हुई। पहले दो घंटे के शुरुआती रूझानों ने कांग्रेस को बहुमत का आंकड़ा पार कराया। इसके बाद बीजेपी ने तगड़ी वापसी की। एक समय कांग्रेस को 55-59 सीटें मिलती दिख रही थी और बीजेपी 16 सीटों पर थी। इस नजारे के बाद ही कांग्रेस के बड़े नेताओं में पवन खेड़ा, जयराम रमेश समेत कई दिग्गज दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गए थे। सबने एक मन से कहा कि हरियाणा में हमारी सरकार आ रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तो मेन दफ्तर के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाइयां भी बांटनी शुरू कर दी थीं, लेकिन कुछ देर बाद ही परिणाम बदल गए और कांग्रेस के खेमे में सन्नाटा पसर गया।