Gujarat Congress Crisis: कांग्रेस शासित मध्य प्रदेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच गुजरात में भी पार्टी नेतृत्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक बुधवार (11 मार्च, 2020) को गुजरात कांग्रेस इकाई में फूट पड़ सकती है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज युवा नेता रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे के एक दिन बाद यह जानकारी सामने आई है। दरअसल गुजरात में राज्यसभा की चार सीटें खाली हो रही हैं। इनमें तीन सीटें भाजपा के पास हैं जिन्हें पार्टी दोबारा जीतना चाहेगी, हाालंकि उसके लिए कम से कम छह कांग्रेसी विधायकों के समर्थन की जरुरत होगी।

इंडिया टीवी के सूत्रों के मुताबिक गुजरात में कांग्रेस के कई नाराज विधायक गुजरात भाजपा नेतृत्व के संपर्क में हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी खुद कांग्रेस में फूट के संकेत दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस की अंदरुनी लड़ाई चरम पर है। कांग्रेस नेता नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘गुजरात कांग्रेस में भी टूट संभव है। राज्यसभा चुनाव से पहले गुजरात में कांग्रेस टूट जाएगी।’

हालांकि भाजपा नहीं चाहती है कि कांग्रेस विधायकों को तोड़ कर पार्टी में शामिल कराया जाए। मगर राज्यसभा के लिए कांग्रेस का गणित बिगाड़ने के लिए भाजपा का प्लान तैयार है। इसी बीच रिपब्लिक टीवी को भाजपा के टॉप सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस पार्टी में 13 विधायक हैं जो भाजपा के संपर्क में हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले ये नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस को जबरदस्त झटका देते हुए पार्टी के प्रमुख युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। सिंधिया के साथ ही उनके समर्थक विधायकों के इस्तीफे से राज्य की कमलनाथ सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। कांग्रेस छोड़ने वाले 49 वर्षीय सिंधिया आज यानी बुधवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उनकी दादी दिवंगत विजयाराजे सिंधिया इसी पार्टी में थीं। ऐसी अटकले हैं कि सिंधिया को केंद्रीय मंत्री बनाया जा सकता है।

कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधि के कारण पार्टी के महासचिव एवं पूर्ववर्ती ग्वालियर राजघराने के वंशज ज्योतिरादित्य सिंधिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया। मंगलवार सुबह जब पूरा देश होली का जश्न मना रहा था, तभी सिंधिया ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की।