आनंदीबेन पटेल को गुजरात के मुख्यमंत्री पद से हटाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार गुजरात भाजपा जल्द ही नए सीएम का नाम तय करेगी। इसमें नितिन पटेल का नाम सबसे आगे चल रहा है। सोमवार को आनंदी बेन पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात राज्य में सूखे के हालात पर चर्चा से इतर थी।
सूत्रों के अनुसार आनंदी बेन ने अपने अगले तीन दिन के कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। इसके चलते भी उनके पद से हटने की अटकलें बढ़ गई हैं। भाजपा की ओर से अभी इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पार्टी की ओर से इस तरह की खबरों को अफवाह बताया गया है। हालांकि खबरों के अनुसार आनंदी बेन की जगह नए सीएम के बारे में इस सप्ताह तक फैसला हो जाएगा। नए सीएम की दौड़ में विजय रुपानी, पुरुषोत्तम रुपाला, भीखू दलसानिया का नाम भी है। बताया जा रहा है कि आनंदी बेन को पंजाब का गवर्नर बनाया जा सकता है।
कहा जा रहा है कि पटेल आंदोलन और अन्य घटनाओं के कारण गुजरात में भाजपा की स्थिति कमजोर हुई है। वहीं आनंदी बेन इस साल 75 साल की हो जाएंगी। पीएम मोदी ज्यादा उम्र के लोगों को सरकार में नहीं रखते हैं। इसके चलते आनंदी बेन को हटाया जा रहा है। गुजरात में अगले साल विधानसभा चुनाव होंगे। 2014 में नरेंद्र मोदी के पीएम बनने के बाद आंनदी बेन का सीएम बनाया गया था। वे गुजरात की पहली महिला सीएम हैं।
खबरों के अनुसार गुजरात में भाजपा की स्थिति के बारे में ओम माथुर ने एक रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया गया कि सरकार और संगठन में बदलाव की जरूरत है। पटेल आंदोलन के कारण पार्टी की छवि को नुकसान हुआ है। माथुर ने यह रिपोर्ट भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को दी है। इस रिपोर्ट के बाद ही आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए 10 प्रतिशत कोटे की घोषणा की गई। गुजरात सीएम को बदलने को लेकर पीएम मोदी, अमित शाह और ओम माथुर दो बार मिल चुके हैं।