Ahmedabad Police Book BJYM Workers: अहमदाबाद पुलिस ने गुरुवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ दंगा करने और गैरकानूनी ढंग से एकत्र होने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अहमदाबाद यात्रा से पहले की है। बता दें, राहुल गांधी आज अहमदाबाद के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और मोदी पर हमला भी बोला।
बापूनगर के पूर्व विधायक और अहमदाबाद शहर कांग्रेस कमेटी के प्रमुख हिम्मतसिंह पटेल ने एफआईआर दर्ज कराई है। दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार को गुजरात कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस की छात्र शाखा एनएसयूआई में शामिल होने वाले एबीवीपी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन समारोह चल रहा था। उसी दौरान करीब 100-1500 भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और पथराव शुरू कर दिया।
एफआईआर में 15 भाजयुमो कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है और उन पर बीएनएस धारा 189 (2) (अवैध सभा), 191 (2) (दंगा), 191 (3) (सशस्त्र हथियार के साथ दंगा), 190 (अवैध सभा का प्रत्येक सदस्य सामान्य उद्देश्य के लिए किए गए अपराध का दोषी), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 125 (ए) (जहां चोट पहुंचाई जाती है) और 351 (2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर में भाजयुमो सदस्य इशित भट्ट, कश्यप जानी, अविनाश गहरवाल, आकाश गहलोत, रुशांग मर्चेंट, हेमंत मागरे, रवि पटेल, जीतूभाई खाचरिया, गिरीश वंजारा, यश पटेल, कुश पंड्या, सुहाग पटेल, प्रजेश भारवाड़, चंद्रदीपसिंह वाघेला, सिद्धार्थ गोस्वामी और अन्य 100 से 150 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मंगलवार को राज्य कांग्रेस मुख्यालय में हुई झड़प के बाद कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं – एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर दर्ज की गई थी, जिसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों कार्यकर्ताओं पर दंगा करने का आरोप लगाया गया है। दूसरी भाजपा अहमदाबाद युवा मोर्चा प्रमुख की शिकायत पर, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दंगा करने का आरोप लगाया गया है और तीसरी कांग्रेस शहर समिति प्रमुख की शिकायत पर, जिसमें भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर दंगा करने का आरोप लगाया गया है। झड़प से पहले, विहिप और बजरंग दल के नेताओं ने भी कथित तौर पर कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की। जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।
बता दें, मंगलवार को अहमदाबाद में गुजरात कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। यह झड़प कथित तौर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा सोमवार को संसद में दिए गए अपने संबोधन में की गई कथित ‘हिंदू विरोधी’ टिप्पणी के कारण हुई। झड़प के बाद पुलिस ने मंगलवार को पांच कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।