पिछले हफ्ते कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने हरियाणा की कुछ महिला किसानों को अपने दिल्ली स्थित आवास पर आमंत्रित किया था। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से हरियाणा की महिला किसानों ने बातचीत में कहा कि राहुल की शादी करिए। इस पर सोनिया ने पलटकर उनसे कहा कि आप उसके लिए लड़की ढूंढ़िए।

महिलाओं ने की राहुल की शादी की बात

राहुल गांधी ने अपनी शादी की इस चर्चा के बीच कहा कि ऐसा होगा। राहुल गांधी ने हाल में हरियाणा की अपनी यात्रा के दौरान महिला किसानों को भोज देने का वादा किया था। उनके इसी वादे को पूरा करते हुए सोनिया गांधी ने हरियाणा के सोनीपत जिले की कुछ महिलाओं को अपने आवास पर दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया था।

भोजन पर आमंत्रित महिलाओं ने सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी की शादी पर चर्चा की। सोनिया गांधी के 10 जनपथ आवास पर पहुंची एक महिला ने उनसे कहा, “राहुल की शादी करिए।” इस पर सोनिया ने कहा कि आप उसके लिए लड़की ढूंढ़िए। राहुल गांधी वहां खड़े इस बातचीत को सुन रहे थे और उन्होंने कहा कि ऐसा होगा। इस दौरान एक महिला ने राहुल गांधी को अपने हाथ से खाना भी खिलाया।

इस बीच कांग्रेस महासचिव और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं से कहा, “राहुल मुझसे ज्यादा शरारती था, लेकिन ज्यादा डांट मुझे पड़ती थी।” राहुल गांधी आठ जुलाई को अचानक सोनीपत के मदीना गांव पहुंचे थे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और खेतों में काम कर रहे किसानों के साथ वक्त बिताया था। इस दौरान राहुल गांधी ने उन्हें ‘दिल्ली दर्शन’ के लिए बुलाने का वादा किया था। इन लोगों ने राहुल गांधी से कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी के इतने करीब रहने के बावजूद वे दिल्ली कभी नहीं गए हैं।

कांग्रेस ने शेयर किया वीडियो

इस मुलाकात के बाद कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, “राहुल गांधी ने सोनीपत की किसान बहनों को दिल्ली बुलाने का वादा किया था। किसान बहनें दिल्ली आईं और इस तरह से वादा पूरा हुआ।’’ वीडियो में गांधी परिवार को महिलाओं के साथ बातचीत करते और उन्हें भोजन की पेशकश करते देखा गया। इसमें राहुल गांधी महिलाओं से यह पूछते नजर आए कि उन्हें भोजन पसंद आया या नहीं और सबने मिठाई खाई या नहीं। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दी।