भारत के पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांड‍िस का मंगलवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में रक्षा मंत्रालय संभालने वाले फर्नांडिस अल्‍जाइमर की बीमारी से जूझ रहे थे। करीब एक दशक से वह सार्वजनिक जीवन से दूर थे। परिवारिक सूत्रों ने PTI से कहा कि जॉर्ज पिछले कुछ दिनों से स्‍वाइन फ्लू से भी पीड़‍ित चल रहे थे। समता पार्टी की पूर्व अध्‍यक्षा व जॉर्ज की सहयोगी जया जेटली ने कहा, “उन्‍होंने अपने दाह संस्‍कार की इच्‍छा जाहिर की थी मगर अंतिम दिनों में उन्‍होंने कहा कि वह दफनाए जाना चाहते हैं। इसलिए हम शव का दाह संस्‍कार करेंगे और अस्थियों को दफनाएंगे ताकि उनकी दोनों इच्‍छाएं पूरी हो सकें।” उनके निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित उनके घर पहुंचे और शोक जताया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व रक्षा मंत्री, प्रख्यात समाजवादी एवं प्रखर मजदूर नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक प्रकट किया है। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन पर बिहार सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। नीतीश अपने पूर्व सहयोगी को याद करते हुए रो पड़े।

70 के दशक में समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक जॉर्ज ने आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी का कड़ा विरोध किया। उन्‍हें सरकारी संस्‍थानों और रेलवे ट्रैक्‍स पर धमाके की योजना बनाने की आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। 1977 में फर्नांड‍िस ने जेल के भीतर से चुनाव लड़ा और बिहार की मुजफ्फरपुर सीट पर भारी बहुमत से जीत दर्ज की।

जनता पार्टी से अपनी राजनीति शुरू करने वाले जॉर्ज को 1977 में मोरारजी देसाई के नेतृत्‍व वाली सरकार में उद्योग मंत्री बनाया गया। 1989 से 1990 के बीच जॉर्ज ने वीपी सिंह की सरकार में रेल मंत्रालय भी संभाला। 1994 में उन्‍होंने समता पार्टी का गठन किया, जो भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी बनी। जॉर्ज का बतौर राज्‍य सभा सांसद आखिरी कार्यकाल अगस्‍त 2009 से जुलाई 2010 के बीच रहा।

Live Blog

19:16 (IST)29 Jan 2019
गहलोत, पायलट ने पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर संवेदना व्यक्त की

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मंगलवार को पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोकव्यक्त करते हुए संवेदना व्यक्त की है। गहलोत ने ट्वीट के जरिये अपने संवेदना संदेश में कहा, ''‘पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मेरी भावनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’’ पायलट ने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन की जानकारी से मुझे आधात पहुंचा है, परिवार के प्रति मेरी संवेदना हैं और दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं।

18:25 (IST)29 Jan 2019
फर्नांडिस के पार्थिव शरीर का दाह संस्कार करने के बाद अस्थियों को दफनाया जाएगा

पूर्व रक्षा मंत्री जार्ज फर्नांडिस का यहां लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में अंतिम संस्कार होगा। उनकी इच्छा के मुताबिक दाह संस्कार के बाद उनकी अस्थियों को दफनाया जाएगा। उनकी करीबी सहयोगी जया जेटली ने यह जानकारी दी। समता पार्टी की पूर्व प्रमुख ने कहा कि फर्नांडिस शुरू में चाहते थे कि मृत्यु के बाद उनके पार्थिव शरीर का दाह संस्कार किया जाए लेकिन बाद में उन्होंने दफन किए जाने की भी इच्छा जताई थी। जेटली ने संवाददाताओं से कहा कि अंतिम संस्कार लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में होगा। हम उनकी इच्छानुसार दोनों चीजें करेंगे। पार्थिव शरीर का दाह संस्कार किया जाएगा और उसके बाद अस्थियों को दफना कर उनकी दोनों इच्छाओं को पूरा किया जाएगा। 

17:58 (IST)29 Jan 2019
भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी ने जॉर्ज फर्नांडिस के योगदान को याद किया

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भी ट्रेड यूनियन के एक नेता के रूप में जॉर्ज फर्नांडिस के योगदान को याद करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। भाकपा महासचिव एस सुधाकर रेड्डी ने कहा, ‘‘उन्होंने (फर्नांडिस) कई ट्रेड यूनियन आंदोलनों का नेतृत्व किया। एक समाजवादी नेता के रूप में उन्होंने बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैं फर्नांडिस के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

17:57 (IST)29 Jan 2019
के चंद्रशेखर राव ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर दुख व्यक्त किया। राव ने कहा कि दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके चाहने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

17:56 (IST)29 Jan 2019
चंद्रबाबू नायडू ने किया शोक व्यक्त

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पूर्व रक्षा मंत्री और देश के दिग्गज समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि जीवन में उनकी सरलता और ईमानदारी अनुकरणीय है। उन्होंने एक बयान में कहा कि फर्नांडिस नौ बार लोकसभा के लिए चुने गए। वह एक अच्छे सांसद थे। उन्होंने कहा, ‘‘फर्नांडिस उन लोगों में से एक थे जिन्होंने देश में मजदूर संघ के आंदोलन को खड़ा किया। उन्होंने संसद में मजदूर वर्ग की आवाजÞ को प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने आपातकाल के खिलाफ बहादुरी से लड़े।’’

17:05 (IST)29 Jan 2019
जुएल उरांव और निरंजन पटनायक ने भी किया शोक व्यक्त

केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल उरांव ने कहा शोक जताते हुए कहा कि फर्नांडिस एक सरल और खुले विचारों वाले नेता थे, जिन्होंने समर्पण के साथ देश और गरीबों की सेवा की। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने भी फर्नांडिस के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

17:05 (IST)29 Jan 2019
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने फर्नांडिस के निधन पर गहरा दुख जताया। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री प्रधान ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पूर्व रक्षा मंत्री श्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन से गहरा दुख हुआ। एक दिग्गज समाजवादी नेता, आपातकाल के खिलाफ लड़ने वाले योद्धा और अपार साहस वाले व्यक्ति। उनकी मृत्यु से भारतीय राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजन के साथ हैं।’’

17:04 (IST)29 Jan 2019
नवीन पटनायक ने जताया शोक

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह राजनीतिक और बौद्धिक रूप से देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पटनायक ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर गहरा दुख हुआ। यह राजनीतिक और साथ ही बौद्धिक रूप से राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

16:11 (IST)29 Jan 2019
पीएम मोदी ने घर पहुंच जताया शोक

जार्ज फर्नांडिज के निधन की खबर सुन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित उनके घर पहुंचे और शोक जताया। 

15:53 (IST)29 Jan 2019
अमित शाह ने किया शोक व्यक्त

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह देश के पूर्व रक्षा मंत्री एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के वरिष्ठ नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन के समाचार से अत्यंत दुखी हैं । उनके राजनीतिक व्यक्तित्व और नेतृत्व ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं पर दशकों तक अमिट छाप छोड़ी है। वे एक उत्कृष्ट नेता और सर्मिपत समाजसेवी थे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बहुआयामी प्रतिभा के धनी जार्ज फर्नांडिस का भारतीय राजनीति में ऐतिहासिक योगदान रहा है। वह समाजवादी आंदोलन के बड़े नेता थे। वह आॅल इंडिया रेलवेमैन फेडरेशन के भी प्रमुख रहे। वह 1967 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। वह नौ बार लोकसभा के सदस्य रहे। अपने संसदीय जीवन में वह संसद की कई समितियों का हिस्सा रहे और उन्होंने रक्षा एवं रेलवे सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का जिम्मा संभाला।

15:52 (IST)29 Jan 2019
लालकृष्ण आडवाणी ने जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक व्यक्त किया

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक निर्भीक एवं तेजतर्रार नेता थे जिन्होंने हमेशा न्याय की लड़ाई लड़ी एवं गरीबों के कल्याण से जुड़े मुद्दों को उठाया । आडवाणी ने अपने बयान में कहा, ‘‘ मैं जार्ज फर्नांडिस के निधन से बेहद दुखी हूं जो लम्बे समय तक मेरे सहयोगी रहे।’’ उन्होंने कहा कि हम दोनों ने मोरारजी भाई देसाई और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में साथ काम किया।

15:30 (IST)29 Jan 2019
इस बीमारी से थे पीड़ित

जॉर्ज फर्नांडिस का मंगलवार को 88 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। वह अल्जाइमर्स (भूलने की बीमारी) से पीड़ित थे। कुछ दिन पहले उन्हें स्वाइन फ्लू भी हो गया था। अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।

14:58 (IST)29 Jan 2019
पिछले कुछ दिनों से स्‍वाइन फ्लू से थे पीड़ित

जॉर्ज फर्नांडिस अल्‍जाइमर के अलावा पिछले कुछ दिनों से स्‍वाइन फ्लू से भी पीड़ित थे। इसके कारण पहले से खराब चल रही उनकी तबियत और बिगड़ गई, जिसे संभालना डॉक्‍टरों के लिए काफी मुश्किल हो गया। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकारी में रक्षा मंत्री रहे फर्नांडिस पिछले कई वर्षों से बीमारी के चलते सक्रिय राजनीति से दूर थे।

14:39 (IST)29 Jan 2019
फर्नांडिस के निधन पर योगी ने व्यक्त किया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा प्रख्यात श्रमिक नेता जार्ज फर्नांडिस के निधन पर मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त किया । राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक प्रयागराज में जारी एक शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस एक सर्मिपत नेता थे। भारत सरकार के मंत्री के रूप में उन्होंने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में फर्नांडिस ने उल्लेखनीय कार्य किया। फर्नांडिस की पहचान एक संघर्षशील श्रमिक नेता के रूप में भी थी। उन्होंने हमेशा मजदूरों और मेहनतकश वर्ग के अधिकारों की आवाज बुलन्द की। फर्नांडिस के निधन से हुई क्षति की भरपाई होना कठिन है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

14:18 (IST)29 Jan 2019
फर्नांडिस मजदूर वर्ग के लिए एक योद्धा थे: उपराष्‍ट्रपति

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मंगलवार को समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस को श्रमिक वर्ग के लिए एक ‘‘योद्धा’’ बताते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। नायडू के कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘श्री फर्नांडिस श्रमिक वर्ग के लिए एक योद्धा, मजदूर संघ के नेता, एक ईमानदार नेता, एक सक्षम प्रशासक, एक महान सांसद और सबसे ऊपर एक अच्छे इंसान थे।’’ नायडू ने कहा कि फर्नांडिस एक बहुआयामी शख्सियत थे।

13:39 (IST)29 Jan 2019
एंटी-इमरजेंसी के पोस्टर ब्वॉय, जिन्होंने Coca-Cola तक को दिखाया था बाहर का रास्ता

इंदिरा गांधी की सरकार के समय में एक फेरा कानून बना था। फेरा (FERA) यानी फॉरेन एक्सचेंज रेगुलेशन एक्ट। इस कानून के तहत कोई भी विदेशी कंपनी भारत में लगे किसी भी उद्योग में 40 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी नहीं रख सकती है। जॉर्ज फर्नांडिस ने इस कानून के तहत कई कंपनियों पर कार्रवाई करना शुरू करवाया। इससे परेशान होकर दो बड़ी कंपनियां जैसे आईबीएम और कोका कोला ने भारत में अपना व्यव्साय बंद कर दिया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

13:11 (IST)29 Jan 2019
यशवंत सिन्‍हा ने किया जॉर्ज को याद

जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर पूर्व वित्‍तमंत्री यशवंत सिन्‍हा ने कहा, "बहुत दुखद समाचार है। वह मेरे बड़े भाई जैसे थे। जनता पार्टी से जुड़ते ही मेरा उनका साथ हो गया। जब मैं उनसे मिला तो लगा अपने हीरो से मिल रहा हूं। उन्‍होंने रक्षा मंत्रालय में बहुत काम किया है।"

12:46 (IST)29 Jan 2019
जब अपनी ही पार्टी से बाहर कर दिए गए थे जॉर्ज फर्नांडीज

नीतीश और जॉर्ज ने मिलकर समता पार्टी की नींव रखी। बाद में जनता दल युनाइटेड में उनकी पार्टी का विलय हो गया। 2009 के आम चुनाव में फर्नांडीज ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मुजफ्फरपुर से नामांकन किया था। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर नीतीश की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। वहीं, कभी वाजपेयी की नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के कन्वीनर रहे जॉर्ज को पार्टी से बाहर कर दिया गया। पढ़ें नीतीश कुमार पर नजदीकी जया लगा चुकी हैं ये गंभीर आरोप

12:17 (IST)29 Jan 2019
दोबारा वियतनाम में जन्‍म लेना चाहते थे जॉर्ज

पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस ने एक बार कहा था, ‘‘अगर पुनर्जन्म जैसी कोई चीज है तो मैं दोबारा वियतनाम में जन्म लेना चाहूंगा।’’ बेंगलुरु में करीब 15 वर्ष पहले ‘कर्नाटक प्लांटर्स एसोसिएशन’ के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए फर्नांडिस ने वियतनाम के लोगों को अनुशासित, प्रतिबद्ध और दृढ़ संकल्पी बताया था। उन्होंने कहा था कि वियतनाम का दुनिया के कॉफी बाजार में बड़ा हिस्सा है। उन्होंने कहा था, ‘‘मुझे इससे कोई ईर्ष्या नहीं है। मैं वियतनाम का प्रशंसक हूं और तेज प्रगति के लिये दक्षिण पूर्व एशियाई देश और उसके लोगों की प्रशंसा करता हूं।’’ फर्नांडिस ने कहा था, ‘‘अगर पुनर्जन्म जैसी कोई चीज है, तो मैं वियतनाम में जन्म लेना चाहूंगा। वे अपनी प्रतिबद्धताओं के लिए जान न्योछावर करने को तत्पर रहते हैं।’’ वियतनाम का दौरा करने वाले फर्नांडिस पहले रक्षा मंत्री थे। उनका जन्म मंगलुरु में हुआ था।

11:51 (IST)29 Jan 2019
मजदूर संघ के बहुत अच्‍छे नेता थे जॉर्ज : ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर मंगलवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह मजदूर संघ के एक बहुत ही अच्छे नेता थे। तृणमूल कांग्रेस की नेता ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व रक्षा मंत्री और अति प्रशंसित मजदूर नेता जॉर्ज फर्नांडीस जी के निधन से बहुत दुखी हूं। मैं उन्हें दशकों से जानती थी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।’’

11:34 (IST)29 Jan 2019
जॉर्ज के निधन पर राहुल गांधी ने जताई संवेदना

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी फर्नांडिस के निधन पर शोक जाहिर कर उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त की। गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ''पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ।'' उन्होंने कहा, ''दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है।''

11:17 (IST)29 Jan 2019
पीएम ने जॉर्ज फर्नांडिस को किया याद

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाजवादी नेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्पष्टवादी तथा निडर थे जो हमेशा अपनी विचारधारा पर अडिग रहे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एक दूरदर्शी रेल मंत्री और एक महान रक्षा मंत्री जिसने भारत को सुरक्षित और मजबूत बनाया। अपने कई वर्षों के सार्वजनिक जीवन में वह अपनी विचारधारा पर अडिग रहे। उन्होंने आपातकाल का जोरदार विरोध किया। उनकी सादगी और विनम्रता उल्लेखनीय थी।’’

10:58 (IST)29 Jan 2019
कल होगा जॉर्ज का अंतिम संस्‍कार

दिल्‍ली स्थित जॉर्ज फर्नांडिस के आवास पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यहां पर समता पार्टी की पूर्व अध्‍यक्षा जया जेटली मौजूद हैं। उन्‍होंने एएनआई से कहा, "जॉर्ज फर्नांडिस का अंतिम संस्‍कार उनके बेटे के आने के बाद, कल (बुधवार) किया जाएगा।"