G20 Dinner: G20 समिट के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पूरी तरह से तैयार है। दुनिया के तमाम दिग्गज नेता जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंचने लगे हैं। 9-10 सितंबर को दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जी-20 समिट के डिनर में केंद्रीय मंत्री, विदेशी प्रतिनिधि सांसदों अलावा देश के कुछ पूर्व सीनियर नेता भी शामिल होंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा को भी जी-20 शिखर सम्मेलन के डिनर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं देवेगौड़ा ने हेल्थ की वजह से जी20 में शामिल होने में असमर्थता जताई है।

जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डिनर का आयोजन किया है। इसके लिए सभी कैबिनेट और राज्य मंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। डिनर के लिए सभी मुख्यमंत्रियों को भी बुलाया गया है।

मेहमानों की लिस्ट में सभी सचिव और अन्य विशिष्ट अतिथि जिनमें बड़े उद्योगपति भी शामिल हैं। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा को भी डिनर के लिए इनवाइट किया गया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से देवेगौड़ा डिनर में शामिल नहीं हो पाएंगे। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को न्योता नहीं भेजा गया है। साथ ही किसी अन्य राजनीतिक दल के नेता को भी निमंत्रण नहीं दिया गया है।

डिनर में यह मुख्यमंत्री होंगे शामिल

डिनर में विपक्ष के मुख्यमंत्रियों जैसै बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार,झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, पश्चिम बंगाली की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु सीएम स्टालिन, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब सीएम भगवंत मान आदि के पहुंचने की पुष्टि हुई है। सभी आमंत्रित अतिथियों को कहा गया कि वे शनिवार शाम को पौने छह बजे संसद भवन पहुंचें। वहां से उन्हें भारत मंडपम ले जाने और वापस लाने के लिए विशेष यातायात के प्रबंध किए गए हैं। वीवीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक पाबंदियों के चलते ऐसा किया गया है। सख्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते किसी भी आमंत्रित अतिथि का काफिला भारत मंडपम तक नहीं जाएगा। सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री, मुख्यमंत्री, सचिव और अन्य विशिष्ट अतिथियों के निवास से संसद भवन तक लाने के लिए दिल्ली पुलिस ने यात्रा कार्यक्रम तय किया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटिश प्रधान मंत्री ऋषि सुनक, सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा उन प्रमुख नेताओं में से हैं, जो भारत की राजधानी दिल्ली में हो रहे जी-20 सिखर सम्मेलन में शामिल होने जा रहे हैं।

जी-20 समिट में भाग लेने वाले देशों में नाइजीरिया, अर्जेंटीना, इटली, एयू (कॉम्रोस द्वारा प्रतिनिधित्व), और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। बांग्लादेश, यूनाइटेड किंगडम, जापान सऊदी अरब, कोरिया गणराज्य, मिस्र, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, चीन, संयुक्त अरब अमीरात, ब्राजील, इंडोनेशिया, तुर्की स्पेन, जर्मनी, फ्रांस, मैक्सिको, यूरोपीय संघ, सिंगापुर भी सम्मेलन में शामिल होंगे। शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मेहमानों का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है।

वहीं चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, शिखर सम्मेलन में चीन का प्रतिनिधित्व चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग करेंगे, और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव रूस का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह पहली बार है जब G-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत कर रहा है।