लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले ने अब कांग्रेस पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में उनकी आवाज नहीं सुनी जा रही है। फुले ने दावा किया कि वह अब खुद की नई पार्टी बनाएंगी। बता दें कि फुले 2014 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर बहराइच से जीतकर संसद पहुंची थी।
क्या बोलीं पूर्व सांसद: इस साल की शुरुआत में कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, उनका कहना है कि ‘कांग्रेस में मेरी आवाज नहीं सुनी जा रही है, इसलिए मैं इस्तीफा दे रही हूं। मैं अपनी खुद की पार्टी बनाऊंगी।’ सावित्री ने कहा कि वह खुद की पार्टी बनाएंगी और दलितों की आवाज उठाएंगी।
Hindi News Today, 26 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बीजेपी छोड़ कांग्रेस में हुई थी शामिल: राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले कुछ महीने पहले कांग्रेस में शामिल हुईं थी। फुले को 2014 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहराइच से टिकट दिया था। कांग्रेस में शामिल होते समय फुले ने कहा था, ‘मैं देश के संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस में शामिल हुई हूं। मैं कांग्रेस पार्टी के हाथ को मजबूत करूंगी, क्योंकि वही बीजेपी को रोक सकती है।’
राजनीतिक सफर: फुले ने दलित समाज को विभाजित करने और आरक्षण के मुद्दे पर बीजेपी से इस्तीफा दिया था। फुले बहराइच की आरक्षित सीट से पहली बार जीती थी। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गईं और उसके बाद कांग्रेस में शामिल हुईं। लेकिन अब उन्होंने कांग्रेस से भी इस्तीफा दे दिया है। फुले का कहना है कि वह अब खुद की नई पार्टी बनाएंगी।

