रविवार को प्रधानमंत्री मोदी कैबिनेट की महिला मंत्रियों का फन डे रहा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद की महिला सदस्यों के लिए गेट टुगेदर कार्यक्रम का आयोजन किया और उसकी मेजबानी की। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी कैबिनेट की सभी महिला मंत्री मौजूद रहीं।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के घर पर हुए इस कार्यक्रम में मीनाक्षी लेखी, शोभा कारंदलजे, दर्शना जरदोश, अन्नपूर्णा देवी, प्रतिमा भौमिक, भारती पवार, अनुप्रिया पटेल, स्मृति ईरानी, साध्वी निरंजन ज्योति और रेणुका सिंह मौजूद रहीं। हाई-टी कार्यक्रम के बाद सभी महिला मंत्रियों ने एकसाथ फोटो भी खिंचवाया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस कार्यक्रम की फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की।

पिछले दिनों हुए मंत्रिमंडल विस्तार में 11 महिलाओं को नरेंद्र मोदी कैबिनेट में जगह दी गई। जिसमें निर्मला सीतारमण और स्मृति ईरानी को केंद्रीय मंत्री बनाया गया और बाकी सभी को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। 15वीं लोकसभा के बाद पहली बार 11 महिलाओं को केंद्रीय कैबिनेट में जगह दी गई है।

 

इससे पहले मनमोहन सिंह के दूसरे कार्यकाल के दौरान यूपीए सरकार में 14 महिलाओं को मंत्री बनाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान केंद्रीय कैबिनेट में 10 महिला मंत्री को जगह दी गई थी। जिसमें से छह केंद्रीय मंत्री थी।

प्रधानमंत्री मोदी की नई टीम में महिलाओं के साथ साथ अच्छी संख्या में पिछड़े और दलित समुदाय से आने वाले नेताओं को भी शामिल किया गया है। पीएम मोदी की नई कैबिनेट में 27 ओबीसी, 12 एससी नेता शामिल हैं। मंत्रिमंडल के 78 सदस्यों में से करीब 36 मंत्री नए हैं। इसके अलावा नए मंत्रिमंडल में करीब 41 मंत्री वकील, डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी और एमबीए हैं। साथ ही इस कैबिनेट की औसत उम्र 58 वर्ष है।