गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली के बॉर्डर इलाकों में किसानों को ट्रैक्टर रैली की इजाजत मिली थी। इस दिन सुबह के वक्त किसानों का प्रदर्शन तय रूट के मुताबिक ही शुरु हुआ लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते किसानों की ट्रैक्टर रैली अपने रूट से भटक गई। कई जगहों पर तय रूट से अलग प्रदर्शनकारियों ने अपनी रैली निकालने की कोशिश की और इसका परिणाम यह हुआ कि दिल्ली पुलिस के साथ कई जगहों पर इनकी झड़प हुई। इस झड़प और संघर्ष की कई तस्वीरें सामने आई हैं। आईटीओ के पास जबरदस्त हंगामा हुआ। यह किसानों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस के जवान जमीन पर बैठ गए। जवान कहने लगे कि अगर किसानों को आगे जाना है तो वो उनपर से गुजर कर जाएं।

आईटीओ के पास प्रदर्शनकारी किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हुई और कई लोगों को इसमें चोटें भी आईं। सेंट्रल दिल्ली में आईटीओ के पास से ही एक तस्वीर सामने आई जिसमें ट्रैक्टर चला रहा एक शख्स दिल्ली पुलिस के जवानों को कुचलने की कोशिश करता दिखा। ट्रैक्टर चला रहे शख्स ने सड़क पर दिल्ली पुलिस के जवानों को दौड़ाया। इस हरकत की वजह से वहां हंगामा खड़ा हो गया।

यहां प्रदर्शनकारियों ने डीटीसी बस में भी तोड़फोड़ की। किसान और दिल्ली पुलिस के जवान के बीच चल रहे इस संघर्ष के बीच दिलशाद गार्डेन के पास से एक तस्वीर सामने आई।

Republic Day 2021 Live Updates: सिंघू बॉर्डर पर किसानों का जत्था दिल्ली के अंदर बेरिकेडिंग तोड़ कर घुसा

Farmers’ Tractor Rally Live Updates: नहीं मान रहे किसान! लाल किला की प्राचीर से फहराए अपने झंडे; मचा रहे बवाल

यहां दिल्ली पुलिस का एक जवान ड्यूटी के दौरान बेहोश हो गया। सड़क पर बेहोश होकर गिरे जवान को किसी तरह नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात बिगड़ते देख दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने आईटीओ मेट्रो स्टेशन के सभी गेट बंद कर दिये।

इधर हैरान करने वाली तस्वीर दिल्ली के लाल किले से भी आई। आज के दिन कई प्रदर्शनकारी लाल किले में घुस गए। अपने-अपने संगठन का बैनर लिये इन प्रदर्शनकारियों के साथ यहां पुलिस की झड़प भी हुई। जो तस्वीर सामने आई है उसमें एक प्रदर्शनकारी लाल किले पर झंडा फहराता भी नजर आय़ा।