किसानों का आंदोलन जारी है। इस बीच संयुक्त किसान मोर्चा आज काला दिवस मना रहा है। किसान आंदोलन के दौरान 3 दिन पहले 21 वर्षीय किसान शुभकरण सिंह की मौत हो गई थी। पंजाब सरकार ने शुभकरण सिंह के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है।

अब तक तीन पुलिसकर्मियों की मौत

इस बीच हरियाणा पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया है कि किसान आंदोलन में अब तक कितने पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है और कितने पुलिसकर्मी घायल हैं। हरियाणा पुलिस के मुताबिक किसान आंदोलन के दौरान दो पुलिसकर्मी की मौत हरियाणा में हुई है जबकि एक पुलिसकर्मी की मौत पंजाब के जिम में हुई है। यानी कुल 3 पुलिसकर्मियों की मौत अब तक आंदोलन में हो चुकी है।

हरियाणा पुलिस ने बताया कि किसान आंदोलन के दौरान 30 पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं जबकि एक को ब्रेन हेमरेज हुआ है। पुलिस के अनुसार किसान लगातार पत्थरबाजी कर रहे हैं, जिससे पुलिसकर्मियों को चोट आई है। हरियाणा पुलिस ने यह भी कहा है कि शंभू बॉर्डर पर बैरिकेड्स लगाया गया और किसान इसे तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान भी पहुंचा रहे हैं।

किसान नेता भड़का रहे- हरियाणा पुलिस

पुलिस ने कहा है कि किसान नेता पूरे घटनाक्रम में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और कानून व्यवस्था को बिगाड़ रहे हैं। लगातार फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भड़काऊ और उकसाने वाले भाषण देकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। हरियाणा पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि किसान नेता लगातार सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

DSP की हुई मौत

पुलिस ने कहा कि कितने की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है, अभी तक इसका आकलन नहीं हो पाया है। इससे पहले खनौरी बॉर्डर पर तैनात मलेरकोटला के डीएसपी दिलप्रीत सिंह की मौत हो गई। वह लुधियाना के अस्पताल में भर्ती थे। दिलप्रीत सिंह को सीने में दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।